◾ सभी पहलुओं की गहनता से जांच के निर्देश
◾ बेतालघाट ब्लॉक के गैरखाल गांव की घटना
◾ विद्युत विभाग के अधिकारियों ने भी किया स्थलीय निरीक्षण
◾बंजर खेत में करंट का तार छोड़ने पर खड़े हो रहे सवाल ?
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के गैरखाल गांव में करंट की चपेट में आकर हुई युवक की मौत के मामले में एसडीएम कोश्या कुटोली ने जांच बैठा दी है। जांच रिपोर्ट मिलने तथा तहरीर के बाद अग्रिम कार्रवाई का दावा किया है। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
मंगलवार देर शाम गैरखाल गांव में हृदयविदारक घटना सामने आई। मवेशियों की खोज में निकला स्थानीय अर्जुन सिंह (28) पुत्र दलिप सिंह जब काफी देर तक घर नहीं आया तो स्वजनों ने खोजबीन शुरु की। कुछ आगे ही अर्जुन खेत के पास छोड़ें गए कंरट की चपेट में आकर दम तोड़ चुका था। करंट इतना जबरदस्त था की मृतक के शरीर का आधा हिस्सा बुरी तरह झुलस गया । घटना से गांव में हड़कंप मच गया। विद्युत आपूर्ति बंद करवा शव को खेत से हटाया गया। प्रशासन व विद्युत विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेजा गया। देर शाम कोसी नदी स्थित श्मशान घाट पर मृतक की अंत्येष्टि कर दी गई। इधर उपजिलाधिकारी पारितोष वर्मा ने मामले को गंभीरता से ले जांच बैठा दी है। मताहतों को रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं विद्युत विभाग की टीम ने भी घटना की जांच शुरु कर दी है। एसडीओ भवाली मनोज तिवारी की अगुवाई में अवर अभियंता हेम चन्द्र कपिल व अन्य कर्मचारियों ने बुधवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। अवर अभियंता के अनुसार रिपोर्ट प्रशासन को भी भेजी जाएगी।
बंजर खेत में करंट का तार छोड़ने पर खड़े हो रहे सवाल ?
गांव में हुई घटना से हर कोई स्तंभ है। करंट की तार की चपेट में आए युवक की दर्दनाक मौत से परिवार में भी कोहराम मचा हुआ है। घटना से तमाम गंभीर सवाल भी खड़े हो गए हैं। जिस क्षेत्र स्थान पर घटना हुई है वह एक बंजर खेत है। बंजर खेत में हाई टेंशन लाइन से अवैध कनेक्शन जोड़ तार छोड़े जाने पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। चर्चा जंगली सूअर से खेत बचाने की है तो बंजर खेत में तार डाले जाने पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। दबी जबान जंगली जानवरो के शिकार की भी चर्चा है।
