🔳 मृतक के भाई ने खड़े किए गंभीर सवाल
🔳 घटनास्थल पर मौजूद लोगों की काॅल डिटेल निकालने पर दिया जोर
🔳 रात को हुई वारदात की सुबह सूचना दिए जाने पर जताया शक
🔳 कैंची क्षेत्र में गोली लगने से वाहन चालक की मौत का मामला
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कैंची क्षेत्र में स्थित एक होटल में हुई सनसनीखेज वारदात से कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक के भाई की तहरीर पर होटल स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। मृतक के भाई घनश्याम ने सनसनीखेज वारदात के खुलासे पर जोर दे भाई तथा घटना के वक्त मौजूद सभी लोगों की काॅल डिटेल निकालने की मांग उठाई है साथ ही कई अन्य बिंदुओं पर जांच की मांग उठाई है।
बीते शुक्रवार देर रात कैंची क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट के एक कमरे में होटल स्वामी की लाइसेंसी रिवाल्वर से चली गोली से टैक्सी चालक आनंद सिंह निवासी गडखेत (बेतालघाट) की मौत हो गई थी। घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कमरे को सील कर दिया। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक के छोटे भाई के न पहुंच पाने से शनिवार को शव का पंचनामा नही हो सका। रविवार को मृतक के छोटे भाई घनश्याम सिंह की मौजूदगी में शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेजा गया। मृतक के भाई घनश्याम सिंह ने होटल स्वामी रमेश किरौला के खिलाफ कोतवाली में तहरीर सौप बताया कि उसका भाई आनंद सिंह पुत्र स्व. लोक सिंह कैंची क्षेत्र में टैक्सी चलाता था तथा किरौला रेस्टोरेंट के एक कमरे में रहता था। खाली समय मे रेस्टोरेंट में खाना परोसने का कार्य करता था। शुक्रवार देर रात किरौला रेस्टोरेंट के मालिक रमेश किरौला की लाइसेंसी बंदूक से चली गोली से उसके भाई की मौत हो गई। घनश्याम ने भाई आंनद की हत्या होने की आशंका व्यक्त की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने होटल स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। मृतक के भाई घनश्याम सिंह ने अब भाई आंनद सिंह व घटना स्थल पर मौजूद सभी लोगों के मोबाइल की काॅल डिटेल निकालने की मांग उठाई है ताकी घटनाक्रम का खुलासा हो सके साथ ही सवाल उठाया है की जब गोली लगने से भाई की रात को ही मौत हो गई तो सूचना सुबह के समय क्यों दी गई। आखिर क्यों रात को हुई घटना का सच सुबह तक छुपाया गया। घनश्याम सिंह ने आंनद की मौत का सच सामने लाने की पुरजोर मांग उठाई है।




