◾खतरा टालने को उठाया जाएगा अहतियातन कदम
◾ शिक्षा विभाग से सूची तलब करेगा प्रशासन
◾आवश्यकता पड़ने पर विद्यालय किए जाएंगे शिफ्ट
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बरसाती मौसम नजदीक आने के साथ ही प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है। बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में स्थित बदहाल हालत में पहुंच चुके विद्यालयों से मंडरा रहे खतरे को टालने के लिए ऐसे विद्यालयों को चिह्नित करने की तैयारी शुरु हो गई है। एसडीएम कोश्या कुटोली पारितोष वर्मा के अनुसार शिक्षा विभाग से विद्यालयों की सूची तलब की जाएगी।
बरसात में आपदा से निपटने को तहसील कोश्या कुटोली प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। बाढ़ सुरक्षा चौकी तथा राहत शिविरों को चिह्नित करने के बाद अब प्रशासन ने बहाल हालत में पहुंच चुके विद्यालयों को चिह्नित करने की तैयारी शुरु कर दी है। ब्लॉक के तमाम गांवों में कई विद्यालय भवन बदहाली का दंश झेल रहे हैं। छत जर्जर हालत में पहुंच चुकी है ऐसे में विद्यार्थियों व शिक्षकों पर खतरा मंडरा रहा है। कुछ दिन पूर्व ही ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश सचिव शेखर दानी मामले को गंभीरता से उठा प्रशासन का ध्यान खींच चुके हैं। हरकत में आए प्रशासन ने अब ऐसे विद्यालयों से खतरा टालने को कवायद तेज कर दी है। उपजिलाधिकारी पारितोष वर्मा के अनुसार शिक्षा विभाग से बदहाल हालत में पहुंच चुके विद्यालयों की सूची मांगी जाएगी। निरीक्षण के बाद आवश्यकता पड़ने पर कुछ समय के लिए ऐसे विद्यालयों को शिफ्ट भी किया जाएगा।
