🔳जिम्मेदारों की अनदेखी का खामियाजा भुगत रहे पर्यटक
🔳 कई फल व सब्जी उत्पादक गांवों के किसान भी करते हैं आवाजाही
🔳 सुरक्षित यातायात को लगे क्रश बैरियर खुद की सुरक्षा को तरसे
🔳 गहराती दरारों से मोटर मार्ग के अस्तित्व पर मंडरा रहा संकट
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट] ]]]]]]]]]]

फल उत्पादक पट्टी व कई पर्यटक स्थलों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण ताड़ीखेत – नथुवाखान मोटर की दुर्दशा जिम्मेदारों की अनदेखी की हकीकत बयां कर रही है। करीब बारह किलोमीटर दायरें में कदम कदम पर दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। सुरक्षित यातायात को लगे क्रश बैरियर खुद की सुरक्षा को तरस रहे हैं। भू-धंसाव से गहराई दरारों से महत्वपूर्ण सड़क के अस्तित्व पर ही संकट गहरा गया है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से तमाम सब्जी व फल उत्पादक गांवों को जोड़ने वाले लोहाली – रुपसिंह धूरा – ताड़ीखेत मोटर मार्ग से नथुवाखान, हरतोला समेत तमाम गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मोटर मार्ग लंबे समय से खस्ताहाल है बावजूद जिम्मेदारों की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। फल उत्पादक पट्टी के किसान इसी मोटर मार्ग से उपज को हाईवे तक पहुंचाते हैं जबकि मुक्तेश्वर, रामगढ़ समेत तमाम पर्यटक स्थलों को आवाजाही करने वाले पर्यटक भी इसी सड़क का इस्तेमाल करते हैं पर मोटर मार्ग की खस्ताहालत से किसानों व पर्यटकों को भी तमाम परेशानियों से जूझना पड़ता है। मोटर मार्ग पर भारी भरकम बजट से लगाए गए क्रश बैरियर खुद की सुरक्षा को तरस गए हैं। कदम कदम पर गड्डे बड़ी अनहोनी की ओर इशारा कर रहे हैं। मोटर मार्ग पर दरारों से जोखिम बढ़ता ही जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सड़कों को गड्ढे मुक्त करने के आदेशों का भी इस मोटर मार्ग पर कोई असर नहीं दिख रहा। ग्रामीणों के अनुसार लगभग पांच वर्ष से भी अधिक समय से महत्वपूर्ण मोटर मार्ग बदहाली का दंश झेल रहा है। जिम्मेदारों की अनदेखी का खामियाजा किसानों व पर्यटकों को भुगतना पड़ रहा है। स्थानीय ललित भट्ट, सुंदर लाल, पूरन चंद्र, पंकज कुमार, मनोज कुमार, सुरेश चंद्र भट्ट, नरेंद्र कुमार, विनोद कुमार, गोपाल भट्ट, कैलाश चंद्र, दया किशन, धीरज भट्ट, कृष्णानंद भट्ट, मुकेश भट्ट, महेश भट्ट, आंनद बल्लभ, रमेश चंद्र, दर्शन लाल आदि ग्रामीणों ने मोटर मार्ग की दशा में सुधार किए जाने की मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द मोटर मार्ग दुरुस्त नहीं किया गया तो फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।

error: Content is protected !!