🔳 जहां तहां बदहाल पड़े हैं क्रश बैरियर व पैराफिट
🔳 जिम्मेदारों की अनदेखी से झेल रहे बदहाली का दंश
🔳 लगातार बढ़ता ही जा रहा दुर्घटना का खतरा
🔳 सुरक्षा उपायों को दुरुस्त किए जाने की उठी मांग
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर करोड़ों रुपये की लागत से दुर्घटनाएं टालने को लगाए गए क्रश बैरियर जहां तहां बदहाल हालत में है बावजूद जिम्मेदार सुध नहीं ले रहे। अफसरों की अनदेखी से विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों व हाईवे पर रोजाना आवाजाही करने वाले वाहन चालकों ने गहरी नाराजगी जताई है। आरोप लगाया है की बजट खर्च तो कर दिया जा रहा है पर देखरेख से अधिकारी मुंह मोड़ ले रहे हैं।
हाईवे पर दुर्घटनाओं का ग्राफ लगातार बढ़ता ही जा रहा है पिछले कुछ महीनों में ही आधा दर्जन लोग अलग अलग दुर्घटनाओं में मारे जा चुके हैं। कई लोग घायल तक हो चुके हैं। दुर्घटना टालने को सुरक्षात्मक कार्यों को सरकार लाखों करोड़ो रुपये का बजट भी खर्च कर रही है पर जिम्मेदारों की अनदेखी से हाईवे पर जहां तहां सुरक्षात्मक कार्य बदहाल पड़े हैं। हाईवे पर निगलाट, कैंची, पाडली, रातीघाट, दोपांखी, खैरना, भोर्या बैड, लोहाली, जौरासी, काकड़ीघाट, सुयालखेत, सुयालबाड़ी समेत तमाम स्थानों पर सुरक्षित यातायात को लगाए गए क्रश बैरियर व पैराफिट विभागीय अनदेखी का शिकार हो चुके हैं। कई जगह क्रश बैरियर खाई की ओर झुकें है तो कई स्थानों पर पैराफिट क्षतिग्रस्त हालत में है। सुरक्षात्मक कार्यों की अनदेखी पर व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, गजेन्द्र नेगी, सुनील मेहरा, कुलदीप सिंह आदि ने गहरी नाराजगी जताई है। आरोप लगाया की महत्वपूर्ण हाईवे पर सुरक्षा कार्यो की अनदेखी कर जनहित से खिलवाड़ किया जा रहा है। टैक्सी यूनियन अध्यक्ष प्रताप सिंह गौणी के अनुसार सुरक्षा कार्यों के बदहाल पड़े होने से हाईवे पर आवाजाही खतरनाक हो चुकी है। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने सुरक्षा कार्यों को दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है।
