= पंचायत प्रतिनिधियों ने ज्ञापन सौंप उठाई मांग
= विधायक ने दिलाया सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा
(((विजय रौतेला/पंकज भट्ट/मदन सिंह/पंकज नेगी की रिपोर्ट)))
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेतालघाट में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू कराए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों ने विधायक सरिता आर्या को ज्ञापन सौंप अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू कराए जाने की मांग की है ताकि दूरदराज से अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को इसका लाभ मिल सके। विधायक ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है ।
बेतालघाट स्थित सीएचसी में तमाम गांवों के हजारों लोग निर्भर हैं। दूरदराज से उपचार को लोग सीएचसी पहुंचते हैं। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा ना होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है खासकर गर्भवती महिलाओं को रामनगर, हल्द्वानी, गरमपानी, रानीखेत, अल्मोड़ा को रुख करना पड़ता है। जिससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पैसे व समय की भी बर्बादी होती है। भाजपा युवा मोर्चा जिला मंत्री तारा भंडारी, किशन बुधोडी़, दलीप सिंह नेगी, प्रताप सिंह बोहरा आदि लोगों ने विधायक सरिता आर्या को सीएचसी बेतालघाट में अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू कराए जाने की मांग उठा ज्ञापन सौंपा है। विधायक सरिता आर्या ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से पत्राचार कर अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू कराने का भरोसा दिलाया है।
