🔳 ग्रामीण उठाते रहे मांग अफसर करते रहे गुमराह
🔳 सूचना के अधिकार से हुआ 2.40 लाख रुपये खर्च का खुलासा
🔳 धरातल में फिर भी नहीं दिखा संतोषजनक काम
🔳 ग्रामीणों का संघर्ष लाया रंग, अब जल्द शुरु होगा काम
🔳 बेतालघाट – रोपा सड़क से खिलों समेत कई तोको को जोड़ने वाले लिंक मार्ग का मामला
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के घोड़ियां हल्सों ग्राम पंचायत के खिलो व आसपास के तोको को जोड़ने वाले लिंक मार्ग पर जिला पंचायत का बड़ा कारनामा सामने आया है। दो वर्ष पूर्व पांच लाख रुपये के बजट को स्वीकृती मिलने तथा टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद धरातल पर काम नहीं हो सका। ग्रामीणों को आरटीआई के माध्यम से मिली सूचना से 2.40 लाख रुपये खर्च किए जाने का खुलासा हुआ। लंबे संघर्ष के बाद अब ग्रामीणों को जिला पंचायत से बरसात के बाद शेष बचे बजट को खर्च किए जाने का आश्वासन मिला है।
गांवों में बजट धरातल में नहीं कागजों में खर्च हो जाता है कुछ ऐसी ही हकीकत बयां कर रहा है बेतालघाट रोपा सड़क से खीलों तोक को जोड़ने वाला लिंक मार्ग। दरअसल विधायक निधि से कुछ वर्ष पूर्व खीलों व आसपास के तोको को सड़क सुविधा का लाभ दिलाने को बेतालघाट रोपा सड़क से डेढ़ किमी लिंक मार्ग तैयार किया गया। जिला पंचायत से भी तीन लाख रुपये खर्च किए गए। ग्रामीणों की मांग पर लिंक मार्ग के विस्तारिकरण व सुरक्षा दीवारों के निर्माण को जिला पंचायत से एक बार फिर पांच लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया। दो वर्ष पूर्व पांच लाख के बजट को स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई। एक वर्ष का समय बीतने के बाद ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया। कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद सुनवाई नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने सूचना के अधिकार के तहत मामले में जानकारी जुटाई तो मिली जानकारी से ग्रामीणों के होश उड़ गए। विस्तारीकरण व दीवार निर्माण के नाम पर 2.40 लाख रुपये खर्च होने का खुलासा हुआ पर धरातल पर संतोषजनक कार्य न होने पर ग्रामीणों ने मामले को जोर-शोर से उठाया। ग्रामीणों के आकोशित होने पर तत्कालीन सीडीओ ने मामले में जांच बैठ दी। अर्थ व सांख्यिकी विभाग, बीडीओ व जिला पंचायत की संयुक्त टीम को बकायदा जांच के निर्देश दिए। गांव के लोग यहीं नहीं रुके। लगातार आवाज उठाए जाने के बाद जब जिला पंचायत से शेष बजट वापस होने का हवाला दिया। ग्राम प्रधान गणेश आर्या व पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य नवीन कश्मीरा के अनुसार जब मामले को मानवाधिकार आयोग तक ले जाने की चेतावनी दी गई तो अब बजट खर्च होने का भरोसा जिला पंचायत से मिला है। कुछ दिन पूर्व जिला पंचायत के अधिकारियों ने बकायदा गांव पहुंचकर ग्रामीणों से मामले में समझौता पत्र भी लिया। बरहाल दो वर्ष के लंबे अंतराल में भी समुचित बजट खर्च न किए जाने तथा खर्च किए गए 2.40 लाख रुपये की धनराशि से भी संतोषजनक कार्य न होने पर तमाम गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश कुमार के अनुसार कुछ विवादों के कारण कार्य शुरु नहीं हो सका। विलंब जरुर हुआ है। मौसम अनुकूल होते ही कार्य शुरु करवाया जाएगा।




