🔳घंघरेठी गांव में स्थित दो विद्यालयों में पड़ा पानी का अकाल
🔳स्कूल से दूर जाकर पानी पीने को मजबूर हुए बच्चें
🔳प्लास्टिक के डिब्बों में पानी लाकर साथियों की भी बुझा रहे प्यास
🔳ग्राम प्रधान समेत गांव के बाशिंदों ने जताई गहरी नाराजगी

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में पेयजल संकट गहराने से गांव के बाशिंदों परेशान हैं वहीं घंघरेठी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक व राजकीय जूनियर हाईस्कूल विद्यालय में भी पानी का अकाल पड़ चुका है। बूंद बूंद पानी के लिए नौनिहाल व शिक्षक परेशान हैं। मजबूरी में बच्चें विद्यालय से एक किमी दूर जाकर हलक तर कर रहे। ग्रामीणों ने विद्यालय में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।

घंघरेठी गांव में स्थित विद्यालयों में चालीस से अधिक नौनिहाल शिक्षा लेने पहुंचते हैं। विद्यालय परिसर में पिछले कई महीनों से पेयजल व्यवस्था प्रभावित होने से बच्चों को परेशान होना पड़ रहा है। कुछ नौनिहाल घरों से भारी भरकम बस्ते के साथ हाथों में पानी की बोतल लेकर विद्यालय पहुंच रहे हैं तो कई नौनिहाल स्कूल से एक किमी दूरी तय करने के बाद हलक तर कर रहे हैं यहीं नहीं बच्चे प्लास्टिक के डिब्बों में पानी लेकर अपने साथियों के लिए भी विद्यालय पहुंच रहे हैं। विद्यालय में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो जाने से ग्रामीणों में भी गहरा रोष व्याप्त है। ग्राम प्रधान कुंदन सिंह नेगी के अनुसार विद्यालय को ग्राम पंचायत की योजना से ही पानी उपलब्ध होता है पर प्राकृतिक जल स्रोत में ही पानी सूख जाने से आपूर्ति प्रभावित हो गई है। आरोप लगाया की जल जीवन मिशन योजना का कार्य भी अधूरा पड़ा है ऐसे में परेशानी बढ़ते ही जा रही है। पूर्व ग्राम प्रधान सोबन सिंह, पुष्कर सिंह, विजय सिंह, लक्ष्मण राम, जयपाल सिंह, मदन राम, तील राम, आदि ने जल जीवन मिशन योजना से विद्यालय में पेयजल आपूर्ति सुचारु किए जाने की मांग उठाई है। अनदेखी पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

error: Content is protected !!