🔳बेतालघाट का टानी गांव विकास की दौड़ में छूटा पीछे
🔳महज डेढ़ किमी सड़क निर्माण की मांग उठा रहे ग्रामीण पर नहीं ली जा रही सुध
🔳मरीजों व बुजुर्गो के लिए डोली बन चुकी एकमात्र सहारा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कों का जाल बिछ चुका है बावजूद बेतालघाट ब्लॉक का टानी गांव आज भी सड़क सुविधा से वंचित हैं। गांव के बाशिंदे महज डेढ़ किमी सड़क निर्माण की मांग उठाते उठाते थक चुके हैं बावजूद कोई सुधलेवा नहीं है। सड़क सुविधा न होने से अब किसान खेतीबाड़ी छोड़ने को मजबूर हो चुके है जबकि गांव में सब्जियों की बेहतर पैदावार होती है।
गांवों में खेतीबाड़ी पर संकट बढ़ता ही जा रहा है। जंगली जानवर व मौसम की बेरुखी खेतीबाड़ी पर भारी पड़ चुकी है। वहीं बेतालघाट ब्लॉक के सूदूर टानी गांव में सड़क निर्माण न होने से किसानों का खेतीबाड़ी से मोहभंग हो चुका है। गांव में कभी आलू, गोभी समेत अन्य सब्जियों की बेहतर पैदावार होती थी। किसान बड़ी मंडियों तक को सब्जी भेजा करते। गांव से उपज को सिर पर रख डेढ़ किमी की दूरी तय कर ओडा़बास्कोट – ऊंचाकोट – रिखोली मोटर मार्ग तक पहुंचाना पड़ता। स्थानीय आंनद सिंह बोहरा, भवान सिंह, नारायण सिंह बोहरा, त्रिलोक सिंह, नंदन सिंह, पान सिंह, जीवन सिंह बोहरा आदि के अनुसार सड़क सुविधा न होने से खेतीबाड़ी से मोहभंग हो चुका हो चुका है। कई परिवार खेतीबाड़ी छोड़ भी चुके है। बुजुर्गो व मरीजों को लाने ले जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। डोली के सहारे ही आवाजाही होती है। ऐसे में गांव विकास की मुख्य धारा से भी पीछे छूट गया है। नेताओ तथा अधिकारियों से कई बार महज डेढ़ किमी सड़क निर्माण को गुहार लगाई जा चुकी है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। गांव के करीब पंद्रह से ज्यादा परिवार आज भी परेशानियों का सामना करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने डेढ़ किमी सड़क निर्माण किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। चेताया है की यदि जल्द सड़क निर्माण का कार्य शुरु नहीं करवाया गया तो फिर ग्रामीण आंदोलन को बाध्य हो जाएंगे।




