🔳सुबह से शाम तक भक्तों ने टेका बाबा के दर मत्था
🔳वीकेंड पर हाइवे पर बड़ा वाहनों का दबाव, पुलिस ने किया रुट डायवर्ट
🔳सुबह से शाम तक जगह जगह लगी वाहनों की कतार
🔳यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में पुलिस के छूटे पसीने
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैंची में आस्था का सैलाब उमड़ा। सुबह से शाम तक हजारों बाबा भक्तों ने बाबा के दर पर मत्था टेका। पुलिस ने यातायात व्यवस्था के मद्देनजर बड़े वाहनों का रुट डायवर्ट कर दिया। लगातार वाहनों का दबाव बढ़ने से हाइवे पर जगह जगह वाहनों की कतार लगी रही। यातायात सुचारु कराने में खैरना, भवाली व कैंची पुलिस टीम के भी पसीने छूट गए।
रविवार को देश विदेश के श्रद्धालुओं के आस्था के केंद्र सुप्रसिद्ध कैंची धाम में हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। हजारों बाबा भक्तों ने सुबह छह बजे से कतारबद्ध होकर बाबा नीम करौली के दर पर मत्था टेका। सुख, शांति व समृद्धि को हनुमान चालीसा का पाठ कर विशेष प्रार्थना की। वीकेंड पर हाइवे पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया। कैंची बाजार क्षेत्र में सरकारी व निजी पार्किंग फुल होने के बाद श्रद्धालुओं के वाहन हली हरतपा मोटर मार्ग पर पार्क कराए गए। खैरना पुलिस की टीम ने बड़े वाहनों को रानीखेत पुल के समीप रोके रखा। क्वारब क्षेत्र से रुट डायवर्ट कर वाया रामगढ़ होते हुए हल्द्वानी भेजे गए। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर भी यातायात का दबाव बढ़ने से जगह जगह वाहनों की कतार लगी रही। घंटों तक वाहन जाम में रेंगते रहे। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने में खैरना, भवाली व कैंची चौकी पुलिस की टीम मुस्तैदी से जुटी रही। देर शाम तक हाइवे पर जगह जगह जाम की स्थिति से निपटने में पुलिस कर्मियों के पसीने छूट गए।




