🔳हाइवे से सटे पनौरा गांव में कास्तकार आज भी कर रहे सड़क का इंतजार
🔳सब्जियों की बंपर पैदावार के लिए विख्यात है गांव
🔳महज डेढ़ किमी सड़क निर्माण के बाद बजट खत्म होने से थम गति प्रगति
🔳किसानों को होने वाला मुनाफा चढ़ जाता है किराए की भेंट

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

सब्जी उत्पादन के क्षेत्र में विशेष पहचान रखने वाले अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटे खान ग्राम पंचायत का पनौरा तोक आज भी सड़क सुविधा से वंचित हैं जबकि करीब पंद्रह बरस पूर्व सड़क निर्माण को लाखों रुपये तक खर्च किए जा चुके हैं बावजूद गांव तक सड़क आज तक नहीं पहुंच सकी है। सुविधा उपलब्ध न होने से किसानों को सब्जी उत्पादन से होने वाला मुनाफा वाला उपज को हाइवे तक पहुंचाने में ही खर्च हो जाता है। सड़क के इंतजार में अब धरतीपुत्र भी निराश हो चुके हैं।
हाइवे से सटे पनौरा गांव के बाशिंदे का सपना आज तक साकार नहीं हो सका है। लगभग पंद्रह वर्ष पूर्व तत्कालीन कांग्रेस सरकार में लोनिवि मंत्री रही स्व. इंद्रा हृदेश ने फूलगोभी, पत्तागोभी, आलू, मटर आदि की बंपर पैदावार के लिए विख्यात पनौरा गांव के किसानों को लाभान्वित करने को सड़क निर्माण के लिए लगभग तीस लाख रुपये से अधिक का बजट उपलब्ध कराया। काकड़ीघाट – द्वारसों मोटर मार्ग से सड़क निर्माण की कवायद भी शुरु की गई पर अफसरों की कार्यप्रणाली से महज डेढ़ किमी सड़क निर्माण के बाद बजट खत्म हो गया जबकि मोटर मार्ग निर्माण के लिए सर्वे तीन किमी को हुआ था। कास्तकारों के अनुसार डेढ़ किमी सड़क का निर्माण भी ग़लत ढंग से कर दिया गया जिसका लाभ आज तक किसानों को नहीं मिल सका है। फिर निर्माण के नाम पर दस लाख रुपये से अधिक का बजट खर्च किया गया। ग्राम प्रधान विमला जलाल के अनुसार सर्वे के अनुसार सड़क निर्माण किया गया होता तो शायद सड़क गांव तक पहुंचती पर अधिकारियों के रवैए से आज तक किसान सड़क सुविधा से वंचित हैं। किसान उपज को हाइवे तक ढोने में श्रमिकों का इस्तेमाल करते हैं जिससे किसानों को होने वाला मुनाफा श्रमिकों को भुगतना करने में ही चला जाता है। ऐसे में अब कास्तकारों का खेतीबाड़ी से भी मोहभंग होता जा रहा है। ग्राम प्रधान विमला ने आरोप लगाया की लाखों रुपये के बजट से बनाई गई डेढ़ किमी सड़क भी बद से बद्तर हालत में है पंद्रह वर्ष के अंतराल में एक भी वाहन उस सड़क पर आवाजाही नहीं कर सका है। लगातार सड़क निर्माण की मांग उठाए जाने के बावजूद जिम्मेदार सुध नही ले रहे लगातार किसानों की उपेक्षा की जा रही है। स्थानीय हरीश जलाल, प्रताप सिंह जलाल, चंदन सिंह, देव सिंह, प्रेम सिंह, पुष्कर सिंह, प्रीतम सिंह, देवकीनंदन कांडपाल, नवीन चंद्र, केवलानंद, भुवन नैनवाल, लछी राम, पनी राम, गणेश राम, रमेश राम, जीवन लाल, भुवन चंद्र, कैलाश चंद्र आदि कास्तकारों ने सड़क निर्माण की पुरजोर मांग उठाई है। अनदेखी पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है। लोनिवि के सहायक अभियंता कमल गोयल के अनुसार पुल व शेष बचे हिस्से के लिए प्रस्ताव भेजा गया है स्वीकृती के बाद कार्य शुरु करवाया जाएगा।

error: Content is protected !!