🔳सीएचसी गरमपानी से किया गया था एसटीएच हल्द्वानी रेफर
🔳घटना से स्वजनों में मचा कोहराम
🔳स्टेट हाइवे पर असंतुलित होकर कोसी नदी क्षेत्र में गिरा था वाहन
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे पर भुजान क्षेत्र में हुई दुर्घटना में गंभीर रुप से घायल व्यक्ति की मौत हो गई । सीएचसी गरमपानी से उसे हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया था। एसटीएच पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद स्वजन शव लेकर गांव को रवाना हो गए। घटना से मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वही गांव में भी मातम पसर गया है।
मंगलवार देर रात जवाहर ज्योति दमवाढूगां, हल्द्वानी निवासी महेश सिंह बिष्ट वाहन यूके 04 सीसी 0024 में साथी किलकोट, रानीखेत निवासी होमगार्ड के प्लाटून कमांडर त्रिलोक उर्फ अन्नू मर्तोलिया(41) पुत्र धन सिंह को लेकर चिलियानौला (रानीखेत) से हल्द्वानी की ओर रवाना हुआ। महेश स्टेट हाइवे पर भुजान क्षेत्र के समीप पहुंचा ही था की एकाएक वह वाहन पर संतुलन खो बैठा। नतीजतन वाहन असंतुलित होकर स्टेट हाइवे से करीब पचास मीटर नीचे कोसी नदी क्षेत्र में जा गिरा। वाहन के गिरने की आवाज सुन आसपास के लोग घटनास्थल की और दौड़ पड़े। स्थानीय सोनू बिष्ट, रजत जोशी व हेम जोशी बामुश्किल वाहन के नजदीक पहुंचे। अंधेरे के रेस्क्यू अभियान में परेशानी आई बावजूद तीनों युवकों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन के अंदर फंसे दो लोगों को बामुश्किल बाहर निकाला। खैरना पुलिस व स्थानीय लोगो की मदद से दोनों को गरमपानी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने दोनों को प्राथमिक उपचार किया। त्रिलोक मर्तोलिया को नाजुक हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया पर हल्द्वानी एसटीएच पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। सूचना से स्वजनों में कोहराम मच गया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन शव लेकर गांव को रवाना हो गए।




