🔳 प्रतिमाह एक हजार रुपये उपलब्ध कराने का है प्रावधान
🔳 केंद्र सरकार से होता है बजट का आवंटन
🔳 धनराशि न मिलने से मरीज परेशान, उधार में ले रहे सामान
🔳 जिला क्षय अधिकारी ने साफ्टवेयर की परेशानी का दिया हवाला
🔳 विभाग को बेतालघाट में निक्षय मित्रों की भी है तलाश
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

केंद्र सरकार से टीबी के मरीजों को निक्षय पोषण योजना के तहत मिलने वाला बजट उपलब्ध न होने से जनपद के करीब 1800 टीबी मरीजों को प्रतिमाह मिलने वाला एक हजार रुपये पिछले छह महीने से लंबित है। खाद्य सामग्री की खरीद को मिलने वाली धनराशि न मिलने से मरीज भी मायूस हैं। जिला क्षय रोग अधिकारी डा. राजेश ढकरीयाल के अनुसार नए साफ्टवेयर की वजह से बजट में देरी हुई है। जल्द बजट मिलने की उम्मीद है। बजट मिलते ही धनराशि मरीजों को उपलब्ध कराई जाएगी।
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत प्रदेश के सभी जनपदों में विशेष शिविरों के माध्यम से टीबी मरीजों के चिह्निकरण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। बकायदा डोर टू डोर भी अभियान चलाकर मरीजों की जांच के साथ ही जागरुकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। विभिन्न योजनाओं के जरिए टीबी मरीजों को लाभान्वित किया जा रहा है पर पिछले छह महीने से केंद्र सरकार की निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी मरीज को प्रतिमाह उपलब्ध कराई जाने वाली एक हजार रुपये की धनराशि ही नहीं मिल पा रही है। राशन व अन्य जरुरी सामग्री की खरीद को दी जाने वाली धनराशि के छह महीने के लंबे अंतराल से लटके होने से मरीज भी परेशान हैं। धनियाकोट, बजेडी, सिमलखा समेत आसपास के तमाम गांवों में चिह्नित टीबी मरीजों ने समय पर धनराशि उपलब्ध न कराए जाने पर गहरी नाराजगी जताई है। मरीजों के अनुसार धनराशि न मिलने से दुकानदारों से मजबूरी में उधार सामग्री ली गई। अब छह महीने का समय बीतने के बावजूद पैसा न मिलने से दुकानदार भी तकाजा करने लगे हैं। पंचायत प्रतिनिधियों व विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने निक्षय पोषण योजना के तहत प्रतिमाह दी जाने वाली धनराशि तत्काल मरीजों को उपलब्ध कराए जाने की मांग उठाई है‌। साफ कहा की योजना में लापरवाही व मरीजों की उपेक्षा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला क्षय रोग अधिकारी डा. राजेश ढकरीयाल ने बताया की तकनीक दिक्कत के कारण बजट मिलने में देरी हुई है। बजट मिलते ही तत्काल मरीजों को लंबित धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।

विभाग को बेतालघाट में है निक्षय मित्रों की तलाश

टीबी मरीजों को प्रतिमाह लगभग छह सौ रुपये में जरुरत की सामग्री उपलब्ध कराने को सरकार ने विशेष योजना तैयार की। योजना के तहत टीबी मरीज को छह महीने के लिए एनजीओ तथा सक्षम व्यक्ति गोद लेकर उसे जरुरत की सामग्री उपलब्ध कराता है। सहायता करने वाले को बकायदा निक्षय मित्र नाम दिया गया ‌ शुरुवाती चरण में कई लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की पर अब निक्षय मित्र मिलने मुश्किल हो गए हैं। अकेले बेतालघाट ब्लॉक की बात करें तो यहां 45 मरीजों के बावजूद महज दो निक्षय मित्र ही मदद को आगे आ सके। स्वास्थ्य विभाग के लगातार आह्वान के बावजूद निक्षय मित्र मिलने मुश्किल हो गए हैं। सीएचसी गरमपानी के चिकित्सा प्रभारी डा. सतीश पंत के अनुसार लोगों से आगे आने का आह्वान किया जा रहा है। स्वयं सेवी संस्थाओं से भी संपर्क साधा जा रहा है। उम्मीद है शत-प्रतिशत निक्षय मित्रों का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।

error: Content is protected !!