🔳 कोरम पूरा न होने से ग्राम पंचायतों की बैठकें भी लटकी
🔳 ग्राम प्रधान संगठन ने जताई गहरी नाराजगी
🔳 एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
🔳 वार्ड सदस्यों का निर्वाचन कार्यक्रम जारी करने की उठाई मांग
🔳 पंचायतों के कई महत्वपूर्ण कार्य लटकने का दिया हवाला
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक की अधिकांश पंचायतों में लंबा समय बीतने के बावजूद गांव की सरकार के अस्तित्व में न आने से ग्राम प्रधान संगठन बेतालघाट ने नाराजगी जताई है। श्री कैंची धाम तहसील की उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज जल्द पंचायतों में वार्ड सदस्यों के निर्वाचन का कार्यक्रम जारी किए जाने की मांग उठाई है। बताया की ग्राम पंचायतों में बैठकें न होने से महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित होते जा रहे हैं।
हरिद्वार को छोड़कर प्रदेशभर में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के साथ ही बेतालघाट ब्लॉक में भी तय समय पर निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न कराई गई। बीते 31जुलाई को परिणाम घोषित कर दिए गए। परिणामों के बाद गांव की सरकार के अस्तित्व में आने की उम्मीद जगी पर अब तक तमाम पंचायतों में ग्राम प्रधानों को कुर्सी नसीब नहीं हो सकी है। 75 ग्राम पंचायत संख्या वाले ब्लॉक में अब तक महज 23 ग्राम प्रधान शपथ लेकर पंचायत की कमान संभाल चुके हैं पर छड़ा खैरना, ओडाबास्कोट, कटिमी गजार, कफूल्टा, खलाड, खैरनी, गरजोली, घिरौली, घंघरेठी, चंद्रकोट, चोर्सा, जाख , जिनोली, नौघर, पाडली, पांगकटारा, तल्लीपाली , मल्ली सेठी, तौराड, थुआ ब्लॉक, दाडिमा, धारी, नौघर, पाडली समेत 52 नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान शपथ नहीं ले सके हैं। गांवों में लंबे समय से मुखिया की कुर्सी खाली होने व अब अधिकार न मिलने से विकास कार्यों के साथ ही स्थानीय लोगों के महत्त्वपूर्ण कार्य लटके पड़े हैं। पिछला पंचवर्षीय कार्यकाल पूरा होने के बाद पंचायतें प्रशासकों के हवाले कर दी गई अब चुनाव जीतने के बावजूद नवनिर्वाचित प्रधानों को शपथ तक न दिलाए जाने से गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। शुक्रवार को ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष जेडी कत्यूरा की अगुवाई में ग्राम प्रधानों ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेज जल्द ग्राम पंचायतों में वार्ड सदस्यों के निवार्चन का कार्यक्रम जारी किए जाने की मांग उठाई है। ज्ञापन के माध्यम से बताया की ग्राम पंचायतों में खुली बैठकों के न होने कई महत्वपूर्ण कार्य लटक चुके हैं। इस दौरान ग्राम प्रधान बारगल गीता पाठक, प्रधान डोबा हरेन्द्र सिंह बिष्ट, प्रधान सीम खीम सिंह, प्रधान प्रतिनिधि त्रिभुवन पाठक, बालम पिनारी, भास्कर चंद्र आदि मौजूद रहे।




