🔳 भारतीय सार्वजनिक स्वास्थ्य मानक जले पर छिड़केंगे नमक
🔳 रेडियोलोजिस्ट व आर्थोपेडिक सर्जन में से एक पद सीएचसी में होगा रिक्त
🔳 सीएचसी से उपजिला चिकित्सालय में होगी तैनाती
🔳 रेडियोलोजिस्ट की कमी से सीएचसी में पहले ही वैटिलेटर पर है अल्ट्रासाउंड सेवा
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
भारतीय सार्वजनिक स्वास्थ्य मानक यानी आईपीएचएस की गाइडलाइन पहाड़ के अस्पतालों पर भारी पड़ने जा रही है। गाइडलाइन के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधा की रीढ़ कहे जाने वाले सामुदायिक केंद्र में विशेषज्ञ चिकित्सक के पदों में कटौती कर दी गई है। सीएचसी में अब महज रेडियोलोजिस्ट व हड्डी रोग विशेषज्ञ में से एक की ही तैनाती होगी। ऐसे में गांवों के लोगों को उपजिला चिकित्सालयों की ओर दौड़ लगाना मजबूरी बन जाएगी।
सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए वरदान माने जाते हैं हालांकि वर्तमान में चिकित्सकों की कमी व बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में सीएचसी व पीएचसी रेफर सेंटर में तब्दील हो चुके हैं। अब भारतीय सार्वजनिक स्वास्थ्य मानक (आइपीएचएस) के नियम गांवो के लोगों के जले में नमक छिड़क रहे हैं। आईपीएचएस मानक के अनुसार सीएचसी में अब रेडियोलोजिस्ट व हड्डी रोग विशेषज्ञ में से एक का पद ही रहेगा। एक पद को उपजिला चिकित्सालय में मर्ज कर दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग पहले ही रेडियोलोजिस्ट की कमी से जूझ रहा है। सीएचसी गरमपानी की ही बात करें तो यहां अल्ट्रासाउंड सेवा वेंटिलेटर पर है। जिसका सबसे अधिक खामियाजा गर्भवती महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है। अल्ट्रासाउंड सेवा का लाभ न मिलने से गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड के लिए मीलों का सफर तय करना मजबूरी बन चुका है सीएचसी बेतालघाट व सुयालबाड़ी में भी सेवा उपलब्ध न होने से बड़ी आबादी प्रभावित हैं। आईपीएचएस के मानक लागू होने से अब सीएचसी गरमपानी में भी अल्ट्रासाउंड सेवा पूरी तरह प्रभावित होने का अंदेशा है। पहले ही लंबे समय से सीएचसी में अल्ट्रासाउंड सेवा ठप पड़ी हुई है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. हरीश पंत के अनुसार आइपीएचएस के मानक प्रदेश में ही नहीं पूरे देश में लागू है। यदि पद रिक्त होगा तो उपजिला चिकित्सालयों से व्यवस्था पर रेडियोलोजिस्ट व आर्थोपेडिक सर्जन भेजा जाएगा। प्रयास करेंगे की लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल सके।




