🔳 हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की वरियता सूची में बनाई है जगह
🔳 अब राम के पात्र में कर रही जीवंत अभिनय
🔳 पिछले चार वर्षों से रामलीला मंचन से जुड़ने के बाद भी पढ़ाई को नहीं होने दिया प्रभावित
🔳 दमदार अभिनय के दम पर दर्शकों को कर दे रही भावविभोर
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की वरीयता सूची में 11 वें स्थान पर रहकर कोसी घाटी को गौरवान्वित करने वाली पीहू अब रामलीला के मंच पर भी अपनी कलाकारी के जौहर दिखा रही है। पढ़ाई लिखाई में अव्वल पीहू राम के दमदार अभिनय के दम पर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दे रही है। इससे पूर्व वह सीता के पात्र का भी जीवंत किरदार निभा चुकी है।
बेतालघाट ब्लॉक के गरमपानी बाजार निवासी मेधावी पीहू राजकीय इंटर कॉलेज खैरना में अध्ययनरत हैं। हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की वरीयता सूची मे जगह बनाने वाली पीहू रामलीला के मंच पर भी अपना कौशल दिखा रही है। पिछले चार वर्षों से रामलीला मंचन से जुड़ी मेधावी ने कभी भी पढ़ाई को प्रभावित नहीं होने दिया। चार वर्ष पूर्व सीता के अभिनय से रामलीला मंचन से जुड़ी पीहू ने बेहतरीन प्रस्तुति दी। आठवीं कक्षा के दौरान पिता संतोष साह का साया सिर से उठ गया। गहरा धक्का तो लगा पर मां संगीता ने बेटी को टूटने नहीं दिया। विषय परिस्थितियों में भी पढ़ाई में कड़ी मेहनत के दम पर पीहू ने प्रदेश की वरीयता सूची में 11वां स्थान हासिल कर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया। सीता के बाद अब पिछले दो वर्षो से मेधावी पीहू रामलीला के मंच पर राम का जीवंत अभिनय कर रही है। राम के किरदार में पीहू के मंच पर उतरने व शानदार अभिनय से दर्शक मंत्रमुग्ध हो जा रहे हैं। रामलीला कमेटी पदाधिकारियों के अनुसार तालिम के दौरान भी रोजाना उपस्थित देती। नए कलाकारों के उत्साहवर्धन में भी पीछे नहीं रहती। वहीं मंच पर भी उसका अभिनय सराहनीय है। मां संगीता कहती हैं की पीहू को अभिनय का बहुत शौक है। रामलीला मंचन से जुड़कर उसने अपना शौक पूरा किया। रामलीला के दिनों में भी वह पढ़ाई के लिए समय जरुर निकालती है। पीहू के अनुसार मंच पर राम के किरदार में अभिनय करना एक बड़ी उपलब्धि है। भगवान राम का ही आशीर्वाद है की पढ़ाई में भी पूरा मन लगता है।




