🔳 शौचालय के खस्ताहाल होने से खुले में शौच करना मजबूरी
🔳 चारदीवारी के क्षतिग्रस्त होने से जंगली जानवरों का खतरा
🔳 राजकीय प्राथमिक विद्यालय सिमराड़ की अनदेखी से ग्रामीणों ने रोष
🔳 कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद सुनवाई न होने का आरोप
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में स्थित विद्यालय भवनों की दुर्दशा से नौनिहाल तमाम परेशानियों से जूझकर प्राथमिक शिक्षा का कहकहा सिखने को मजबूर हैं। हरोली ग्राम पंचायत के सिमराड गांव में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय की स्थिति शिक्षा विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद शिक्षा विभाग के सुध न लिए जाने से क्षेत्रवासियों में गहरा रोष व्याप्त है।
सिमराड़ गांव में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय भवन की स्थिति लंबे समय से बदहाल है। कक्षा कक्षों की स्थिति दयनीय बनी हुई है। विद्यालय में अध्ययनरत नौनिहाल जान जोखिम में डाल शिक्षा का पाठ पढ़ रहे हैं। विद्यालय परिसर में बना खस्ताहाल शौचालय तमाम गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। शौचालय के दरवाजे तक टूटे हुए हैं ऐसे में नौनिहालों को खुले में शौच को मजबूर होना पड़ रहा है। विद्यालय की चारदीवारी तक क्षतिग्रस्त है ऐसे में स्कूली बच्चों पर जंगली जानवरों के हमले का अंदेशा बना हुआ है। विद्यालय की स्थिति से अभिभावकों में भी गहरी नाराजगी जताई है। ग्राम प्रधान अनीता देवी के अनुसार कई बार विभिन्न मंचों से आवाज उठाए जाने के बावजूद सुध नहीं ली जा रही। स्थानीय गौरव, ललित, रोहित आदि ने विद्यालय व शौचालय की स्थिति को तत्काल दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है। चेतावनी दी है की यदि जल्द विद्यालय भवन को दुरुस्त नहीं किया गया तो शिक्षा विभाग के खिलाफ आंदोलन की रुपरेखा तैयार की जाएगी।
