🔳 सामाजिक एकता व सांस्कृतिक धरोहर का है प्रतीक
🔳 कालिका मंदिर काली खोली में कलाकार सीख रहे अभिनय के गुर
🔳 अनुभवी कलाकारों की देखरेख में तालिम में जुट रहे कलाकार
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
उत्तराखंड के ऐतिहासिक नगरी द्वाराहाट में नवरात्रि के आगमन के साथ ही रामलीला मंचन की तैयारियां तेज हो गई हैं। यहां की रामलीला अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्ता के लिए जानी जाती है। इस वर्ष भी कालिका मंदिर काली खोली में कलाकार तालिम के जरिए अभिनय के गुर सिख रहे हैं। दिन ढलते ही कलाकार तालिम में पहुंचकर शानदार प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत बना रहे हैं। कलाकारों की दमदार आवाज व भावपूर्ण अभिनय स्थानीय लोगों को मंत्रमुग्ध कर दे रहा है।
कालिका मंदिर का प्रांगण इन दिनों कला और संस्कृति का केंद्र बना हुआ है। यहां अनुभवी गुरुओं के मार्गदर्शन में युवा और वरिष्ठ कलाकार रामलीला के पात्रों को जीवंत करने की कला सीख रहे हैं। राम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान और रावण जैसे किरदारों को निभाने वाले कलाकार अपनी संवाद अदायगी, भाव-भंगिमा और मंचीय उपस्थिति को निखारने में जुटे हैं। तालिम के दौरान कलाकारों की मेहनत और लगन देखते ही बनती है। उनकी हर प्रस्तुति में रामलीला की गौरवशाली परंपरा और आध्यात्मिकता का समावेश झलकता है। द्वाराहाट की रामलीला न केवल धार्मिक आयोजन है, बल्कि यह सामाजिक एकता और सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक भी है। नवरात्रि के पहले दिन से शुरू होने वाली यह रामलीला दस दिनों तक दर्शकों को रामायण की कथा से जोड़े रखती है। स्थानीय लोग और पर्यटक इस आयोजन का बेसब्री से इंतजार करते हैं। तालिम में शामिल दर्शक भी कलाकारों के उत्साह और समर्पण की सराहना कर रहे हैं। इस बार की रामलीला भी अपनी भव्यता और कलात्मकता के साथ दर्शकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ने को तैयार है।




