◾ठप पड़ी अल्ट्रासाउंड सेवा दोबारा हुई शुरु
◾प्रत्येक महीने के दूसरे व चौथे मंगलवार को मिलेगा लाभ
◾पूर्व में रेडियोलॉजिस्ट का करार समाप्त होने से सेवा हुई थी प्रभावित
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
तमाम गांवों के मध्य में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में ठप पड़ी अल्ट्रासाउंड सेवा अब तय रोस्टर के तहत संचालित होगी। मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर प्रत्येक महीने के दूसरे व चौथे मंगलवार को सीएचसी में अल्ट्रासाउंड किए जाएंगे। इसके लिए नैनीताल से रेडियोलॉजिस्ट सीएचसी पहुंचेंगे। अल्ट्रासाउंड सेवा ठप होने से गर्भवती महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे तथा सैकड़ों गांवों के मध्य में स्थित सीएचसी गरमपानी में बीते कुछ महीनों से अल्ट्रासाउंड सेवा ठप हो जाने से मरीजों व गर्भवती महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अल्मोड़ा, हल्द्वानी, रानीखेत को रुख करना मजबूरी बना चुका था। अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट के पद पर तैनात डा. जेपी भट्ट का सरकार के साथ करार समाप्त होने से सेवा प्रभावित हो चुकी थी। लगातार मांग उठने के बाद अब मुख्य चिकित्साधिकारी डा. भागीरथी जोशी ने रोस्टर तैयार कर अल्ट्रासाउंड सेवा शुरु कराने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रत्येक महीने दूसरे व चौथे मंगलवार को सीएचसी में अल्ट्रासाउंड किए जाएंगे। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. योगेश कुमार ने सेवा का लाभ उठाने का आह्वान किया है। महिने में दो बार अल्ट्रासाउंड सेवा संचालित होने से मरीजों व गर्भवती महिलाओं को राहत मिलने की उम्मीद है। व्यापारी नेता वीरेंद्र सिंह बिष्ट, विक्रम सिंह बिष्ट, फिरोज अहमद, हरीश चंद्र आदि ने पूर्व की भांति सेवा सुचारु किए जाने की मांग उठाई है।
