◾पूर्व में मोटरसाइकिल चोरी व नशे की तस्करी में भी जेल जा चुका है आरोपित
◾गरमपानी के व्यापारी की कार चोरी कर कबाड़ी को बेची
◾100 सीसीटीवी फुटेज खंगालने व तमाम लोगों से पूछताछ के बाद हो सका मामले का खुलासा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित गरमपानी मुख्य बाजार क्षेत्र से हार्डवेयर व्यापारी की कार चोरी की घटना का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। चोरी के मामले में लिप्त आरोपित को अल्मोड़ा से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस 100 सीसीटीवी फुटेज खंगालने तथा तमाम लोगों से पूछताछ के बाद आरोपित तक पहुंच सकी। आरोपित ने मां की बीमारी का बहाना बनाकर कार कबाड़ी को पंद्रह हजार रुपये में बेच डाली।
कुछ दिन पूर्व गरमपानी के हार्डवेयर व्यापारी मनोज पांडे ने पुलिस को तहरीर सौंप बताया कि घर के समीप पार्किंग में खड़ी कार यूके 04 – 7668 को चोरी कर लिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। चौकी प्रभारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कई लोगों से गहनता से पूछताछ की। करीब 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाल गई। बुधवार को चौकी प्रभारी खैरना दिलीप कुमार ने मामले का खुलासा किया। चौकी प्रभारी के अनुसार पूछताछ में खुलासा हुआ की चौसारा (अल्मोड़ा) निवासी पारस जोशी स्मैक पीने का आदी है। कार को चोरी कर टनकपुर रोड, वारसी कॉलोनी (हल्द्वानी) में कबाड़ी को मां की बीमारी की मजबूरी बताकर पंद्रह हजार रुपये में बेच डाला। आरोपित पूर्व में अल्मोड़ा में मोटरसाइकिल चोरी तथा नशे की तस्करी में भी जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपित से पूछताछ के बाद वाहन का स्क्रैब भी बरामद कर लिया। पुलिस टीम में जगदीश धामी, प्रयाग जोशी आदि शामिल रहे।

One thought on “<em>कार चोरी मामले में पुलिस ने नशेड़ी को किया गिरफ्तार</em>”
  1. सराहनीय कार्य। पहाड़ पर ऐसे ही मिसाल दे कर अपराध को रोका जा सकता है।

Comments are closed.