◾दोपांखी के समीप बदहाल हाईवे पर टूटा ट्रक का एक्शल
◾हाइवे पर लगी वाहनों की कतार, जहां तहां फंसे यात्री वाहन
◾ जेसीबी मशीन से बामुश्किल ट्रक हटाए जाने के बाद सुचारु हुआ यातायात
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
खस्ताहाल अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे परेशानी का सबब बनता जा रहा है। दोपांखी के समीप बदहाल हाईवे पर हल्द्वानी से रानीखेत जा रहे ट्रक का एक्शल टूट गया। ट्रक के हाईवे के बीचो बीच खड़े हो जाने से करीब तीन घंटा आवाजाही ठप हो गई। पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से ट्रक किनारे लगाया तब जाकर बामुश्किल यातायात सुचारू हुआ।
गरमपानी बाजार से कुछ कदम आगे दो पांखी क्षेत्र में दो वर्ष पूर्व आपदा से क्षतिग्रस्त हाईवे परेशानी का सबब बनता जा रहा है। गुरुवार को ट्रक चालक मुकेश कुमार ट्रक यूके 04 सीबी 3890 में राशन लाद हल्द्वानी से रानीखेत की ओर रवाना हुआ। मुकेश अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर दोपांखी के समीप पहुंचा ही था कि बदहाल हाईवे पर एकाएक ट्रक का एक्सेल जवाब दे गया। एक्सेल टूटने से वाहन हाईवे के बीचो-बीच खड़ा हो गया। देखते ही देखते हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई। छोटे-बड़े वाहन जहां तहां फंस गए। यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना पर खैरना पुलिस के जगदीश धामी व प्रयाग जोशी मौके पर पहुंचे। एनएच की जेसीबी मशीन बुलाई गई। बामुश्किल ट्रक को हाईवे से किनारे लगाया जा सका पर जल्दी निकलने के फेर में कई वाहन चालकों ने वाहन आड़े तिरछे फंसा दिया। जिससे एक बार फिर जाम लगता चला गया। पुलिस टीम ने आड़े तिरछे वाहन फंसाने वाले वाहन चालकों को फटकार लगाई बामुश्किल यातायात सुचारू कराया। स्थानीय व्यापारियों ने दोपांखी के समीप बदहाल हो चुके हाईवे को दो वर्ष बाद भी दुरुस्त न किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है।
