🔳 कुमाऊं मोटर ओनर्स यूनियन के अधिशासी निदेशक ने जारी किए आदेश
🔳 यात्रियों के साथ अभद्रता किए जाने का भी लिया संज्ञान
🔳 हाईवे पर जौरासी बाजार स्थित भोजनालय से जुड़ा है मामला
🔳 बसों के रुकने पर भविष्य में बड़ी अनहोनी का भी जताया अंदेशा
🔳 गंभीर आरोपों से सवालों के घेरे में आई भोजनालय स्वामी की भूमिका
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

कुमाऊं मोटर ओनर्स यूनियन लिमिटेड के अधिशासी निदेशक ने केएमओ बस स्वामियों व वाहन चालकों तथा परिचालकों को पत्र जारी कर अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर जौरासी बाजार क्षेत्र में स्थित एक भोजनालय में बसों को न रोकने के निर्देश दिए है। स्पष्ट किया है कि भोजनालय में यात्रियों के साथ अभद्रता के साथ ही चालक परिचालक को नशा उपलब्ध कराने की जानकारी मिली है। ऐसे में बसों के उक्त भोजनालय में रुकने से भविष्य में बड़ी दुर्घटना सामने आने का अंदेशा भी जताया है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर आवाजाही करने वाले बस व अन्य यात्री वाहन चालक छड़ा, चमड़ियां, लोहाली, जौरासी, नावली, गंगोरी, खीनापानी, पातली आदि तमाम बाजार क्षेत्रों में भोजन व चाय नाश्ते के लिए वाहनों को रोकते हैं। यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा है। इसी बीच कुमाऊं मोटर ओनर्स यूनियन लिमिटेड के अधिशासी निदेशक हिम्मत सिंह नयाल ने वाहन स्वामियों तथा चालक परिचालक को पत्र जारी कर हाईवे पर जौरासी बाजार क्षेत्र में बसों को रोकने पर रोक लगा दी है। पत्र के माध्यम से कहा है कि जौरासी बाजार स्थित एक भोजनालय में यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार के साथ ही चालक व परिचालक को नशा भी परोसा जा रहा है जिससे भविष्य में दुर्घटना का अंदेशा बढ़ता ही जा रहा है। वाहन चालक व परिचालक को नशा कराकर यात्रियों की जिंदगी से भी खिलवाड़ किया जा है। दो टूक कहा है कि चेतावनी के बावजूद यदि बसों को उक्त भोजनालय पर रोका गया तो भविष्य में होने वाली घटनाओं के लिए चालक परिचालक व वाहन स्वामी जिम्मेदार होंगे। वाहनों के स्वामियों से भी चालक परिचालक को सख्ती से निर्देशित किए जाने को कहा है। साफ किया की उक्त भोजनालय में वाहन रोकने के बाद अप्रिय घटना की जिम्मेदारी वाहन स्वामियों की होगी।