◾ भवाली से काकड़ीघाट तक गड्डे दे रहे दुर्घटना को दावत
◾ एनएच के गड्ढों में गोता लगा रहे सड़कों को गड्डा मुक्त करने के दावे
◾पर्यटन सीजन में भी हाइवे को दुरुस्त नहीं कर सका एनएच प्रशासन
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
प्रदेश की सड़कों को गड्ढे मुक्त करने के तमाम दावे किए जाए पर कुमाऊं की लाइफ लाइन अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर दावे कदम कदम पर बड़े बड़े गड्ढों में गोता लगा रहे हैं। भवाली से काकड़ीघाट क्षेत्र तक हाइवे बदहाली का दंश झेल रहा है बावजूद एनएच प्रशासन सुध नहीं ले रहा। एनएच प्रशासन की अनदेखी से पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों में गहरा रोष व्याप्त है।
कुमाऊं की लाइफ लाइन महत्वपूर्ण अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे बदहाली का दंश झेल रहा है। कैंची, पाडली, रातीघाट, दोपांखी, गरमपानी, खैरना, भोर्या बैंड, लोहाली, नावली, जौरासी, काकड़ीघाट आदि तमाम क्षेत्रों में हाइवे पर गड्डे मुसीबत बन चुके हैं। एनएच प्रशासन गड्ढों में पेंचवर्क को लगभग 18 लाख रुपये से अधिक खर्च करने के बाद भी अब नाकामी छुपाने को मिट्टी का इस्तेमाल कर गड्डे भरने में जुटा हुआ है। दोपांखी, लोहाली, भोर्या बैंड में हालात और विकट है। पर्यटन सीजन शुरु होने के बावजूद हाइवे को दुरुस्त न किए जाने पर लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। ग्राम प्रधान संगठन प्रदेश सचिव शेखर दानी, ग्राम प्रधान इंदु जीना, कुबेर सिंह जीना, मनीष तिवारी, आदि ने आरोप लगाया है की गुणवत्ताविहीन पेंचवर्क उखड़ने के बाद अब मिट्टी से हाइवे को गड्डे मुक्त किया जा रहा है जो विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली को दर्शा रहा है। व्यापारियों ने एनएच प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द हाईवे को दुरुस्त नहीं किया गया तो आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।
