◾करोड़ों रुपये की लागत से बनी योजना से लाभ न मिलने पर क्षेत्रवासी आक्रोशित
◾ योजना के लोकार्पण के बाद भी गांवों के वासिदों को लाभ न मिलने का आरोप
◾अनदेखी पर किया उग्र आंदोलन का ऐलान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
कोसी नदी पर करोड़ों रुपये की लागत से बनी मझेडा़ ब्यासी पेयजल पंपिंग योजना से गांवों को समुचित पेयजल आपूर्ति न होने पर अब व्यापारियों का पारा चढ़ गया है। व्यापारी नेताओं ने सरकारी धनराशि से बनी योजना का लोगों को लाभ न मिलने पर गहरी नाराजगी जताई है। मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठा कार्रवाई की मांग की है।
खैरना के समीप कोसी नदी पर पांच करोड़ रुपये से भी अधिक की लागत से कुछ समय पूर्व मझेडा़ ब्यासी पंपिंग पेयजल योजना का निर्माण किया गया। कुछ माह पूर्व केंद्रीय रक्षा व पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने धूमधाम से योजना का लोकार्पण भी कर दिया। व्यापारी नेता दुर्गा सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया की करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद बूंद बूंद पानी को तरसना पड़ रहा है। खुद उनके चूवारी गांव में पेयजल संकट बना हुआ है। कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। साफ कहा की योजना निर्माण में बड़ी अनियमितता बरती गई है जिससे अन्य गांवों में भी आए दिन लोग पानी को परेशान रहते हैं। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष विरेंद्र सिंह बिष्ट, संजय सिंह, नरेंद्र सिंह बिष्ट, कुलदीप सिंह आदि व्यापारियों ने मामले की जांच की मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि उपेक्षा की गई तो फिर गांवों के वासिदों को साथ लेकर आंदोलन शुरु किया जाएगा।
