🔳 शिव मंदिर परिसर में ग्रामीणों ने दिया एक दिवसीय धरना
🔳 मोटर मार्ग की खस्ताहालत स्थित पर जताई चिंता
🔳 जिम्मेदारों की अनदेखी पर जताई नाराजगी
🔳 एसडीएम व लोनिवि के अधिकारियों ने धरना स्थल पर पहुंच ग्रामीणों से की वार्ता
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग को गड्ढा मुक्त करने तथा हाॅटमिक्स किए जाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बर्धो स्थित शिव मंदिर में एक दिवसीय धरना दिया। लगातार मांग उठाए जाने के बावजूद सड़क की सुध न लेने पर नाराजगी जताई। श्री कैंची धाम तहसील की एसडीएम व लोनिवि के अधिकारियों को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन भी सौंपा गया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को शिव मंदिर परिसर बर्धो में आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने धरना दिया। वक्ताओं ने कहा की शहीद के नाम से बने मोटर मार्ग की लंबे समय से अनदेखी की जा रही है जिसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। एक के बाद एक घोषणाएं होने के बावजूद धरातल पर हालत विकट बनी हुई है। गांवों के लोग खस्ताहाल हो चुके मोटर मार्ग पर जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं। काली पहाड़ी पर अनहोनी का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। मोटर मार्ग की सुध न लिए जाने पर ग्रामीणों ने रोष भी जताया। धरनास्थल पर पहुंची उपजिलाधिकारी मोनिका, तहसीलदार नेहा टम्टा, राजस्व उपनिरीक्षक सुरेश सनवाल ने ग्रामीणों से वार्ता की। लोनिवि के सहायक अभियंता किशोर कुमार व अवर अभियंता जुबेर आलम ने बताया की प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरु करवाया जाएगा। समय समय पर मरम्मत का कार्य करवाया जा रहा है। ग्रामीणों ने एसडीएम को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान पूर्व दर्जा राज्यमंत्री पीसी गोरखा, जिंप सदस्य संजय बोहरा, ग्राम प्रधान नरेंद्र पाल सिंह, प्रधान प्रतिनिधि रमेश सिंह, खुशहाल सिंह हाल्सी, प्रदीप पंत, इंदर बोहरा, ईश्वर लाल गोरखा, विक्रम सिंह, जीवन मेहरा, हरीश मेहरा, हरेंद्र सिंह, विरेन्द्र भंडारी, लीला राम, राजेंद्र मेहरा आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!