🔳 ग्राम प्रधान ने चालक को नशे में देख क्वारब पुलिस को दी सूचना
🔳 किसी भी बड़ी अनहोनी का जताया अंदेशा
🔳 चालक को अस्पताल लेकर पहुंची पुलिस, करवाया मेडिकल
🔳 नशे में होने की पुष्टि के बाद किया चालान, प्रबंधन को भी दी जाएगी सूचना
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुयालबाड़ी में तैनात आपातकालीन 108 सेवा वाहन के चालक को नशे की हालत में देख ग्राम प्रधान ने वाहन रुकवा लिया। पुलिस को सूचना दे मौके पर बुलवाया। क्वारब चौकी प्रभारी मनोज सिंह अधिकारी मय टीम मौके पर पहुंचे और चालक का मेडिकल करवाया गया। चालक का एमबी एक्ट में चालान कर दिया गया। चौकी प्रभारी के अनुसार 108 प्रबंधन को भी सूचना भेजी जाएगी।
आपातकालीन 108 सेवा एक बार फिर विवादों में आ गई है। इस बार विवाद का कारण बना है सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुयालबाड़ी में तैनात 108 सेवा का चालक। गुरुवार को रामगढ़ ब्लॉक के सिमराड़ ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान भारतेन्दु पाठक अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर सुयालबाडी स्थित पैट्रोल पंप में अपने वाहन में तेल भरवाने पहुंचे। ग्राम प्रधान ने आपातकालीन 108 सेवा के वाहन चालक को नशे की हालत में देखा तो वह हैरत में पड़ गए। उन्होंने चालक से नशे में वाहन न चलाने तथा वाहन खड़ा करने को कहा। बात बढ़ने पर दोनों में बहस होने लगी। प्रधान ने बगैर समय गवांए क्वारब पुलिस को मामले की जानकारी दी तथा अनहोनी का अंदेशा जताया। सूचना पर चौकी प्रभारी मनोज सिंह अधिकारी मौके पर पहुंचे। चालक को मेडिकल के लिए सीएचसी सुयालबाड़ी ले जाया गया जहां उसका मेडिकल करवाया गया। चौकी प्रभारी के अनुसार मेडिकल जांच में चालक त्रिलोक के नशे में होने की पुष्टि होने के बाद चालान किया गया है। मामले की जानकारी प्रबंधन को भी दे दी गई है। ग्राम प्रधान भारतेन्दु पाठक ने नशे की हालत में 108 वाहन संचालित किए जाने पर गहरी नाराजगी जताई है। कहा की लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्राम प्रधान ने पूरे मामले का विडियो इंटरनेट प्लेटफॉर्म पर भी साझा किया है।




