🔳 जन-जन की सरकार जन जन के द्वार कार्यक्रम के तहत लगा शिविर
🔳 रामगढ़ ब्लॉक के सुयालबाड़ी में जुटे अधिकारी
🔳 सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने का भी किया गया आह्वान
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]

रामगढ़ ब्लॉक के राजकीय कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय में जन-जन की सरकार जन जन के द्वार कार्यक्रम के तहत लगे बहुउद्देशीय शिविर में बिजली, पानी, सड़क आदि मूलभूत समस्याएं छाई रही। विधायक सरिता आर्या ने मौके पर ही अधिकांश समस्याओं का समाधान कर लंबित समस्याओं के तय समय पर समाधान के निर्देश दिए। विभिन्न विभागों ने स्टाॅलो के माध्यम से विभागीय योजनाओं का प्रचार प्रसार किया।
मंगलवार को विद्यालय परिसर में लगे शिविर की अध्यक्षता जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी ने की। मुख्य अतिथि विधायक सरिता आर्या व विशिष्ट अतिथि दर्जा राज्यमंत्री नवीन वर्मा ने शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने कई समस्याएं उठाई। सीएचसी सुयालबाड़ी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती व विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने का मुद्दा जोर-शोर से उठा। किसानों ने जंगली जानवरों व बंदरों के उत्पात से निजात दिलाने की मांग उठाई। शिविर में पंजीकृत 46 समस्याओं में से अधिकांश का मौके पर निदान किया गया। विधायक ने लंबित समस्याओं के प्राथमिकता से निदान के निर्देश दिए। कहा की सरकार गांवों के विकास के लिए वचनबद्ध है। अधिकारियों से भी विकास योजनाओं का लाभ आमजन को दिलाने का आह्वान किया। बहुउद्देशीय शिविर में विभिन्न विभागों ने 45 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए तथा 85 ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया। इस दौरान बीडीओ रामगढ़ व नोडल अधिकारी शुभम अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष गरमपानी नीरज बिष्ट, रमेश सुयाल समेत तमाम ग्रामीण व विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।