◾सोमवार सुबह आठ बजे से मशीनो से शुरु होगा कार्य
◾पहाड़ी को सौ मीटर दायरे में काट हाइवे किया जाएगा चौड़ा
◾एक- एक घंटे के लिए रोका जाएगा यातायात
◾एनएच प्रशासन ने लोगों से की सहयोग की अपील
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर सोमवार से दोपांखी क्षेत्र में हाइवे चौड़ीकरण कार्य शुरु होने से दिन भर में एक – एक घंटे के लिए यातायात प्रभावित रहेगा। सुबह से शाम तक करीब पांच घंटे आवाजाही प्रभावित रहेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए एक – एक घंटे के लिए यातायात सुचारु किया जाएगा। एनएच के सहायक अभियंता रमेश चंद्र पांडे के अनुसार कार्य 31 अक्टूबर तक होगा। दोपांखी क्षेत्र में लगभग सौ मीटर दायरे में चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा।
कुमाऊं के महत्वपूर्ण हाइवे पर दोपांखी क्षेत्र में ध्वस्त हाइवे के चौड़ीकरण को थुआ की पहाड़ी को करीब सौ मीटर दायरे में काटा जाना है। तीन वर्ष पूर्व आपदा में ध्वस्त हाइवे पर वर्तमान में वन वे आवाजाही सुचारु है। अब एनएच प्रशासन ने पहाड़ी को काट हाइवे को चौड़ा करने की रणनीति तैयार की है। चौड़ीकरण कार्य के दौरान हाइवे पर आवाजाही भी प्रभावित रहेगी। सोमवार सुबह से शुरु किए जाने वाले कार्य में एक – एक घंटे के लिए यातायात सुचारु किया जाएगा। दिन भर में करीब पांच घंटे यातायात रोका जाएगा। बीते दिनों एनएच प्रशासन ने कार्य की अनुमति को जिलाधिकारी वंदना सिंह को पत्र भेजा था। एनएच के सहायक अभियंता रमेश चंद्र पांडे के अनुसार जिलाधिकारी कार्यालय से चौड़ीकरण कार्य को हरी झंडी मिल गई है। सोमवार सुबह आठ बजे से कार्य शुरु कर दिया जाएगा। एनएच प्रशासन ने हाइवे पर आवाजाही करने वाले यात्रियों व वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है।




