◾कमजोर पड़ चुकी पहाड़ी से खतरा बढ़ने का अंदेशा
◾पहाड़ी पर दरारें गहराने से भूस्खलन का खतरा हुआ दोगुना
◾जनहित की सुरक्षा को प्रशासन व एनएच विभाग ने लिया निर्णय

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर क्वारब क्षेत्र में पहाड़ी से हुए भूस्खलन के बाद सुरक्षा के मद्देनजर शाम सात से सुबह पांच बजे तक पुल पर आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। दिन में भी एक समय में एक वाहन ही पुल पर आवाजाही कर सकेगा। वहीं कमजोर पड़ चुकी पहाड़ी से खतरा टालने को एनएच प्रशासन ने टीएचडीसी से पत्राचार कर पहाड़ी का सर्वे कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है। एसडीएम विपिन चंद्र पंत के अनुसार शाम से सुबह तक आवाजाही प्रतिबंधित करने को पुलिस को भी निर्देशित कर दिया गया है।

कुमाऊं की लाइफ लाइन पर क्वारब क्षेत्र में कोसी नदी पर बनी वर्षों पुरानी पुल के समीप पहाड़ी दरकने से दुश्वारियां बढ़ गई है। पहाड़ी के कमजोर पड़ने तथा दरक रही पहाड़ी के तीन मीटर पीछे दरारें गहराने से खतरा कई गुना बढ़ गया है। पहाड़ी से कभी भी भूस्खलन होने का अंदेशा बना हुआ है ऐसे में एनएच विभाग ने रात के वक्त पुल पर आवाजाही रोके जाने की रिपोर्ट कोश्या कुटोली प्रशासन को सौपी। एसडीएम विपिन चंद्र पंत ने भी क्वारब क्षेत्र में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जनहित की सुरक्षा के मद्देनजर शाम सात से सुबह पांच बजे तक पुल पर आवाजाही प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया गया है। एसडीएम के अनुसार रात के वक्त जोखिम बढ़ने की आंशका के मद्देनजर पुलिस को भी आवाजाही प्रतिबंधित करने को निर्देशित किया गया है। एनएच के सहायक अभियंता जीके पांडे के अनुसार निर्माणाधीन पुल के अस्तित्व में आने तक पुराने पुल पर एक समय में एक ही वाहन की आवाजाही करवाई जाएगी। वही कमजोर पड़ चुकी पहाड़ी से खतरा टालने को टिहरी हाइड्रो डवलमेंट कारपोरेशन (टीएचडीसी) को सर्वे रिपोर्ट उपलब्ध कराने को पत्राचार कर दिया गया है। सहायक अभियंता के अनुसार दोनों सेतूओं की लगातार मॉनिटरिंग भी की जाएगी।

error: Content is protected !!