🔳शिकायतकर्ता ने जताया बड़े घोटाले का अंदेशा
🔳जमीन न होने के बावजूद कई लोगों को मुआवजा बांटने का लगाया आरोप
🔳सहायक अभियंता बोले – कराई जाएगी जांच
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
तमाम गांवों को जोड़ने वाले ताड़ीखेत – थुआ मोटर मार्ग पर मुआवजा वितरण का मामला तूल पकड़ गया है। मामला सीएम पोर्टल में दर्ज होने के बाद अब जांच की मांग तेज हो गई है। शिकायतकर्ता ललित प्रसाद ने मुआवजे की आड़ में बड़े घोटाले का आरोप लगाया है। पीएमजीएसवाई विभाग के सहायक अभियंता राजकमल के अनुसार मामले की जांच करवाई जाएगी। लगभग पचास लाख रुपये मुआवजा वितरित किया जाना है। अनियमितता मिली तो कार्रवाई होगी।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से तमाम गांवों को जोड़ने को वर्षों पूर्व लोहाली – थुआ – ताड़ीखेत मोटर मार्ग का निर्माण किया गया। सड़क निर्माण के दौरान कई किसानों की जमीन व आड़ू के बगीचे जद में आए। लंबे समय बाद अब क्षति का मुआवजा तैयार किया गया। पीएमजीएसवाई विभाग ने लगभग पचास लाख रुपये का मुआवजा तैयार किया गया। अभी मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शुरु ही हो सकी थी की थुआ निवासी ललित प्रसाद ने मुआवजा वितरण पर सवाल खड़े कर दिए। आरोप लगाया की जिन लोगों की भूमि जद में नहीं आई उन्हें भी मुआवजे के दायरे में ले लाखों रुपये मुआवजा वितरित किया जा रहा है। ललित प्रसाद ने मिलीभगत कर मुआवजा वितरण में बड़े पैमाने पर गोलमाल किए जाने का आरोप लगा जांच की मांग भी उठाई है। मामला मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल में भी दर्ज करा दिया है। मुआवजा वितरण में घोटाले का आरोप लगने के बाद हड़कंप मच गया है। कार्यदाई संस्था पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता राजकमल के अनुसार विभाग के पास अमीन उपलब्ध न होने से प्राइवेट अमीन से प्रकिया करवाई गई है। मामले की जांच करवाई जाएगी। दावा किया कि अनियमितता मिलने पर कार्रवाई होगी।




