🔳 समस्याओं का समाधान न होने पर जताई नाराजगी
🔳 जिलाधिकारी की अध्यक्षता में लगे शिविर में उठाई थी समस्याएं
🔳 बरसात से पूर्व बाजार में बरसाती नाली व कलमठ खोलने पर दिया जोर
🔳 उपेक्षा पर ग्रामीणों को साथ लेकर आंदोलन की दे डाली चेतावनी
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के छड़ा खैरना ग्राम पंचायत की अनदेखी पर ग्राम प्रधान ऊषा पिनारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त कर समस्याओं का समाधान न होने पर रोष व्यक्त किया है‌। आरोप लगाया की पूर्व में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में लगे शिविर में समस्याओं के समाधान को लिखित पत्र देने के बावजूद आज तक सुध नहीं ली जा सकी है। ग्राम प्रधान ने गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में बने कलमठ व बरसाती नाली की सफाई पर भी जोर दिया है ताकि बारिश में क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
ग्राम प्रधान ऊषा पिनारी ने क्षेत्र की उपेक्षा किए जाने पर मोर्चा खोल दिया है। आरोप लगाया की विभागीय अधिकारी ग्राम पंचायत की उपेक्षा पर आमादा है। पूर्व में डीएम ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में लगे बहुउद्देशीय शिविर में शिप्रा नदी के बीचोंबीच विशालकाय बोल्डरों को तथा नदी क्षेत्र में आबादी की ओर बनी सुरक्षा दीवार के बीच को पाटने के लिए पत्र दिया गया पर आज तक सुध नहीं ली जा सकी है जिससे आगामी बरसात में आबादी क्षेत्र को नुकसान पहुंचने का अंदेशा बढ़ गया है पर सुध नहीं ली जा रही महज आश्वासनों का पुलिंदा जरुर थमा दिया जा रहा है‌। ग्रा प्रधान ने बरसात से पूर्व बाजार क्षेत्र में बनी बरसाती नाली व बंद पड़े कलमठो को खोलने की मांग उठाई है ताकि बाजार क्षेत्र के लोगों को जलभराव की समस्या का भी समाधान हो सके। चेतावनी भी दी है कि यदि अनदेखी हुई तो आंदोलन की रुपरेखा तैयार की जाएगी।