🔳 विभागीय अनदेखी से सफर होता जा रहा खतरनाक
🔳 जगह जगह भारी भरकम लागत से बनी सुरक्षा दीवारें भी दे गई जवाब
🔳 रखरखाव के लिए विभाग रोकता है ठेकेदार का पैसा बावजूद खर्च करने में फिसड्डी
🔳 जिम्मेदारों की अनदेखी का खामियाजा भुगत रहे पर्यटक व यात्री
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर काकड़ीघाट से क्वारब तक लगभग चालीस करोड़ रुपये की भारी भरकम लागत से चौड़ीकरण व अन्य कार्य करवाए जाने के बाद एनएच विभाग करोड़ों रुपये के बजट से हुए कार्यों का रखरखाव करना ही भूल गया। नतीजतन जगह जगह हाईवे बदहाली का दंश झेल रहा है। आवाजाही खतरनाक होने से यात्री व पर्यटक जान जोखिम में डाल आवाजाही करने को मजबूर हो चुके हैं। महत्वपूर्ण टूलेन हाईवे की मरम्मत न कराए जाने से एनएच विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
एनएच विभाग ने पहले खैरना से काकड़ीघाट फिर काकड़ीघाट से क्वारब तक हाईवे को करोड़ों रुपये का बजट खर्च कर टूलेन बनाया। काकड़ीघाट से क्वारब क्षेत्र तक चौड़ीकरण, दीवार निर्माण, सुरक्षात्मक कार्य व डामरीकरण कार्य में करीब चालीस करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की गई। हाईवे को टू लेन हुए अभी ज्यादा समय भी नहीं बीता था की जगह जगह दीवारें क्षतिग्रस्त हो चुकी है वहीं कई स्थानों पर हाईवे धंसने लगा है। हाईवे के बदहाल स्थिति में पहुंचने के बावजूद संबंधित विभाग के सुध न लेने का खामियाजा आवाजाही करने वाले यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। गंगरकोट व अन्य स्थानों पर धंस रहे हाईवे पर वाहनों का संतुलन भी बिगड़ जा रहा है। भारी भरकम बजट से तैयार कलमठ व बरसाती नालियां तक सफाई के इंतजार में हैं पर जिम्मेदार कुंभकरणीय नींद में है। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति अध्यक्ष मनीष तिवारी, गजेंद्र सिंह नेगी, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, दीवान सिंह, संजय सिंह आदि ने आरोप लगाया की जब विभाग के पास रखरखाव के लिए ठेकेदार का बजट उपलब्ध है तो खर्च क्यों नहीं किया जा रहा। अंदेशा जताया की कार्यदाई संस्था को लाभ दिलाने के लिए रखरखाव के लिए बजट खर्च नहीं किया जा रहा। कुबेर सिंह जीना, संजय सिंह, सुनील मेहरा, कुलदीप सिंह, आंनद सिंह, कृपाल राम आदि ने एनएच विभाग के अफसरों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। जल्द हाईवे की हालत में सुधार किए जाने की मांग उठाई है। एनएच के सहायक अभियंता जीके पांडे के अनुसार कार्यदाई संस्था को नोटिस भेजा गया है। जल्द हाईवे को दुरुस्त करने को कहा गया है।

error: Content is protected !!