🔳 शाम को एकाएक हुए भूस्खलन ने फिर खड़ी कर दी मुसीबत
🔳 खतरा बढ़ने से रोका गया मलबा हटाने का अभियान
🔳 आवाजाही ठप होने से यात्री, पर्यटक व स्थानीय लोग भी परेशान
🔳 कारोबार चौपट होने से व्यापारी भी हुए निराश
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
कुमाऊं की लाइफ लाइन पर क्वारब क्षेत्र में हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे। पिछले दो दिनों से बंद हाईवे को तीसरे दिन भी खोला नहीं जा सका। हाईवे के बंद पड़े होने से जहां यात्री व पर्यटक परेशान हैं वहीं आसपास के गांवों के लोगों को भी कई परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। आवाजाही ठप पड़े होने से व्यापारियों का कारोबार भी चौपट पड़ा है। लोडर मशीनों की मदद से तीसरे दिन हाईवे को खोलने का प्रयास किया गया पर शाम को खस्ताहाल पहाड़ी से एकाएक हुए भूस्खलन से दोबारा हाईवे बंद हो गया।
बीते दिनों लगातार बारिश से क्वारब क्षेत्र में खस्ताहाल पहाड़ी से गिरे मलबे को हटाने के लिए बुधवार को भी लोडर मशीनें जुटी रही। उम्मीद थी की शाम तक मलबा हटाकर हाईवे पर यातायात सुचारु कर दिया जाएगा। मशीनों ने काफि हद तक मलबा साफ भी कर दिया की तभी शाम के समय पहाड़ी से एक बार फिर भारी भूस्खलन ने मुश्किलें बढ़ा दी। मशीन चालकों को भी पीछे हटना पड़ा। पहाड़ी से गिरे भारी मलबे से एकबार फिर हाईवे बंद हो गया। अंधेरा होने व खतरा बढ़ने से अवर अभियंता जगदीश पपनै व पुलिस वॉलिंटियर अंकित सुयाल ने फिलहाल मलबा हटाने का कार्य रुकवा दिया। तीसरे दिन भी हाईवे पर आवाजाही सुचारु न होने से यात्रियों को वाया रानीखेत होते हुए पहाड़ की दूरी नापनी पड़ी। स्थानीय लोग भी परेशान रहे। तीन दिनों से आवाजाही ठप होने से हाईवे पर होटल व अन्य व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। व्यापार मंडल उपाध्यक्ष कुबेर सिंह जीना, मदन मोहन सुयाल के अनुसार व्यवसाय चौपट हो जाने से आर्थिक स्थिति भी बिगड़ने लगी है। व्यापारियों ने जल्द हाईवे पर यातायात सुचारु किए जाने की मांग उठाई है। एनएच के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार चौधरी के अनुसार दोबारा भूस्खलन होने से भारी मलबा गिरा है। मलबा हटाकर यातायात सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इधर हाईवे पर जौरासी के समीप भी पहाड़ी से मलबा गिरने से आसपास के गांवों के लोगों ने पैदल ही गांव की दूरी नापी। दोपहर में लोडर मशीन की मदद से मलबा हटाए जाने के बाद आवाजाही शुरु हो सकी।




