◾सुबह तीन बजे से रात दस बजे तक लगी रही लंबी कतार
◾बाबा के जयकारों ने बढ़ाया बाबा भक्तों का उत्साह
◾ 600 से ज्यादा अफसर व पुलिस कर्मी जबकि एक हजार से ज्यादा कारसेवको ने संभाली व्यवस्था
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
आस्था के केंद्र विश्वप्रसिद्ध बाबा नीम करौली के दर पर आस्था का सैलाब उमड़ा। सुबह तीन बजे से रात दस बजे तक बाबा भक्तो बाबा का आश्रम पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा। दोपहर की तपती धूप भी श्रद्धालुओं की आस्था न डिगा सकी। मंदिर के दोनों ओर लगभग दो किमी कतार लगी रही। पुलिस, प्रशासन व मंदिर प्रबंधन दिन भर व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर कैंची स्थित बाबा नीम करौली आश्रम के स्थापना दिवस पर लगभग तीन लाख से ज्यादा बाबा भक्त कैंची धाम पहुंचे। गुरुवार सुबह विधी विधान से पूजा अर्चना व विशेष मंत्रोच्चार के बीच मंदिर के कपाट खोल दिए गए। इससे पूर्व सुबह तीन बजे से ही बाबा भक्त मंदिर परिसर से हाइवे तक कतारबद्ध हो गए। बाबा नीम करौली के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ता चला गया। शाम तक लगभग तीन लाख से भी ज्यादा भक्तों ने बाबा के दर पर मत्था टेका। दिन चढ़ने के साथ ही बाबा भक्तों की संख्या भी बढ़ती चली गई। सूर्यदेव ने भी बाबा भक्तो की परीक्षा ली बावजूद बाबा भक्तों की आस्था कम न हुई। मंदिर के मुख्य गेट के दोनों ओर लगभग दो किमी दायरे में बाबा भक्त कतारबद्ध होकर खडे़ रहे। सभी श्रद्धालुओं ने एक एक कर बाबा के दर पर मत्था टेका। मंदिर प्रबंधन के अनुसार एक हजार से ज्यादा कार सेवक मंदिर परिसर में अलग अलग स्थानों पर व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट तथा मेला अधिकारी एसडीएम पारितोष वर्मा सुबह से शाम तक मेला परिसर में डटे रहे। एसओजी, पीएससी, पुलिस, प्रशासन तथा तमाम विभागों के कर्मचारी व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। रात दस बजे तक बाबा भक्तों का कैंची धाम पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
