🔳 एक स्थान पर वितरण से चढ़ा लोगों का पारा हुआ हंगामा
🔳 मौके पर पहुंची पुलिस ने बामुश्किल लोगों को कराया शांत
🔳 गरमपानी से खैरना बाजार की ओर सिलेंडर वितरण पर बनी सहमति
🔳 गैस प्रबंधक बोले – बांटे गए 200, 162 सिलेंडर फिर भेजेंगे
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

लंबे इंतजार के बाद गरमपानी खैरना बाजार में रसोई गैस सिलेंडर का वाहन पहुंचते ही लोगों की भारी भीड़ जुट गई। अव्यवस्था पर पुलिस को कमान संभालनी पड़ी। कई लोगों ने रसोई गैस वाहन से एक जगह वितरण पर गहरी नाराजगी जताई। हंगामे के बाद बामुश्किल वाहन खैरना से गरमपानी बाजार को रवाना हो सका। प्रबंधक मोहन चंद्र कांडपाल के अनुसार 200 सिलेंडर वितरित कर दिए गए हैं।
गुरुवार को बेतालघाट स्थित गैस‌ गोदाम से रसोई गैस वाहन करीब दो सौ सिलेंडर लेकर खैरना बाजार पहुंचा। वाहन के पहुंचने की सूचना पर सैकड़ों लोग सिलेंडर लेकर केएमवीएन की पार्किंग स्थल पहुंच गए। भारी भीड़ जुटने से धक्का मुक्की के बीच हंगामा भी शुरु हो गया। व्यवस्था दुरुस्त करने को खैरना पुलिस की टीम ने मोर्चा संभाला। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष व पूर्व ग्राम प्रधान प्रेम नाथ गोस्वामी ने एक ही जगह पर सिलेंडर वितरण पर गहरी नाराजगी जताई। गरमपानी से खैरना की ओर आपूर्ति की मांग उठाई। इस बीच लोगों में आपस में कहासुनी भी शुरु हो गई। भारी हंगामें से वितरण रोक दिया गया। पुलिस ने बामुश्किल मामला शांत करवाया। गरमपानी से खैरना की ओर गैस सिलेंडरों का वितरण किए जाने का भरोसा दिलाएं जाने के बाद लोग शांत हुए। पुलिस की निगरानी में ही गरमपानी बाजार से खैरना क्षेत्र की ओर सिलिंडर वितरित किए गए। गैस प्रबंधक मोहन चंद्र कांडपाल के अनुसार दो सौ सिलेंडर वितरित कर दिए गए हैं। शुक्रवार को भी गरमपानी क्षेत्र में 162 सिलेंडर भिजवाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *