🔳गेहूं की बुआई हो चुकी प्रभावित, मटर पर भी संकट
🔳पानी के इंतजार में सूखने लगे हैं खेत
🔳सिंचाई नहरें पहले ही छोड़ चुकी है साथ
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

इंद्र देव के रुठ जाने से पहाड़ के धरतीपुत्रों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरी हो गई है। गेहूं की बुआई प्रभावित होने के साथ ही अब मटर की फसल पर भी संकट गहरा गया है। गांवों में सिंचाई कि एकमात्र साधन सिंचाई नहरें पहले ही किसानों का साथ छोड़ चुकी है। लोगों ने किसानों को मुआवजा दिए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
गांवों में आय का एकमात्र साधन खेतीबाड़ी पर लगातार संकट खड़ा होता जा रहा है। किसान हाड़तोड़ मेहनत कर खेतीबाड़ी में जुटे हैं पर जंगली जानवरों का झुंड खेतों को बर्बाद कर दे रहा है। खेतों को बचाने को किसान रात भर खेतों में पहरा देने को मजबूर हैं पर अब इंद्र देव ने ही मुंह फेर लिया है। इंद्र देव के रुठने से किसान मायूस हो चुके हैं। पहले सब्जियों की उपज चौपट होने के बाद अब गेंहू की बुआई तक प्रभावित हो चुकी है। किसान आसपास की ओर टकटकी लगाए बारिश के इंतजार में हैं। वहीं मटर की फसल पर भी संकट गहराता जा रहा है। सिंचाई का साधन नहरें पहले ही मरम्मत के इंतजार में दम तोड़ चुकी है ऐसे में किसानों को निराशा का सामना करना पड़ रहा है। प्रगतिशील किसान हीरा सिंह बिष्ट, बिशन जंतवाल, दयाल सिंह, मोहन सिंह, लांभाशु, दीवान सिंह आदि के अनुसार चौतरफा नुकसान से अब खेतीबाड़ी से मोहभंग होता जा रहा है। मौसम की मार से फसलें बर्बाद होती जा रही है। खेतों को जंगली जानवर रौंद ले रहे हैं। ऐसे में खुद के लिए तक अनाज के लाले पड़ते जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने किसानों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई है।

error: Content is protected !!