🔳 दिनभर रेंगते रहे वाहन, यात्री व पर्यटक हुए परेशान
🔳 हाईवे पर जगह जगह लगी रही वाहनों की कतार
🔳 गंतव्य की दूरी तय करने में घंटों का लगा समय
🔳 यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में पुलिसकर्मियों ने बहाया पसीना
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर सुप्रसिद्ध कैंची धाम स्थित नीब करौरी आश्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के दर पर मत्था टेका। सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। आस्था का सैलाब उमड़ने से हाईवे पर यात्री व पर्यटकों के वाहन रेंगते रहे। वाहनों की लंबी कतार लगे रहने से लोगों को गंतव्य में पहुंचने के लिए घंटों जाम से जूझना पड़ा। भवाली, खैरना व कैंची पुलिस के जवान दिनभर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे रहे।
शनिवार को कैंची धाम में सुबह से ही बाबा नीब करौरी आश्रम में बाबा भक्तों की भीड़ जुट गई। दिन चढ़ने के साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या हजारों में पहुंच गई। श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी होने व वाहनों का दबाव बढ़ने से अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई। देखते ही देखते हाईवे पर जगह जगह वाहनों की लंबी कतार लग गई। लंबी कतार के बीच यात्री व पर्यटकों के वाहन घंटों तक रेंगते रहे। वाहनों की लंबी कतार में फंसने से लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। हल्द्वानी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आगमन पर पहाड़ से हल्द्वानी को रवाना हुए भाजपा कार्यकर्ताओं के वाहन भी जाम में फंस गए। पुलिस कर्मियों ने बामुश्किल एक एक कर वाहनों को आगे बढ़ाया। जाम में फंसे रहने से कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में घंटों इंतजार करना पड़ा। भवाली से गरमपानी के बीच की दूरी तय करने में ही लोगों को दो से ढाई घंटे का समय लगा। हाईवे पर सुबह से शाम तक कई बार जाम की स्थिति बनी रही। पुलिसकर्मियों को यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।