🔳 वन विभाग ने जांच को गठित की तीन सदस्यीय विशेष टीम
🔳 जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार होगी कार्रवाई
🔳 अवैध रोड को बंद कराने की भी शुरु हुई तैयारी
🔳 बसगांव तवालेख मोटर मार्ग से सतपूरी क्षेत्र की ओर रातों-रात खोद डाला जंगल
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

रामगढ़ ब्लॉक के बसगांव – तवालेख मोटर मार्ग से घने जंगलात में लोडर मशीन उतार रातोंरात अवैध रोड तैयार करने तथा संरक्षित प्रजाति के डेढ़ दर्जन से भी अधिक बांज के पेड़ों को तहस नहस करने के मामले में वन विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। स्थलीय निरीक्षण के बाद अब पूरे मामले की जांच को तीन सदस्यीय विशेष टीम का गठन कर दिया है। वन क्षेत्राधिकारी विजय भट्ट के अनुसार मामले में लिप्त लोगों को बख्सा नहीं जाएगा। अवैध रोड को भी बंद करवाया जाएगा।
रामगढ़ ब्लॉक के बसगांव तवालेख मोटर मार्ग से सटे घने जंगलात में सतपूरी गांव की ओर रातोंरात अवैध रोड तैयार कर दी गई। भारी भरकम लोडर मशीन से काटी गई अवैध रोड निर्माण की जद में आने वाले संरक्षित प्रजाति के बांज के डेढ़ दर्जन से भी अधिक पेड़ों को भारी नुकसान पहुंचाया गया। अवैध रोड निर्माण की भनक पर आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दे कार्रवाई की मांग उठाई। सूचना पर वन विभाग ने स्थलीय निरीक्षण कर स्थित का जायजा लिया। ग्रामीणों ने अवैध रोड निर्माण तथा बांज के पेड़ों को तहस नहस करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर वन विभाग को बकायदा शिकायती पत्र भी सौंपा। जंगलात क्षेत्र में रातोंरात लोडर मशीन उतार अवैध रोड का निर्माण व संरक्षित प्रजाति के पेड़ों को तहस नहस कर दिए जाने के मामले में अब वन विभाग एक्शन मोड में आ गया है। विभागीय अधिकारियों ने मामले में लिप्त लोगों तथा अवैध रोड निर्माण में इस्तेमाल लोडर मशीन का पता लगाने को तीन सदस्यीय विशेष टीम का गठन भी कर दिया है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम मामले के खुलासे को जुट गई है। वन क्षेत्राधिकारी विजय भट्ट के अनुसार जांच टीम मामले के खुलासे को जुट गई है‌। रिपोर्ट मिलने के नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अवैध रोड को तत्काल बंद करवाया जाएगा।