🔳 बेतरतीब ढंग से पार्क वाहन बने रहे जाम का कारण
🔳 आवाजाही करने वाले यात्री व पर्यटक हो रहे हलकान
🔳 जाम से वाहनों की कतार लगने से स्कूली बच्चे भी परेशान
🔳 यातायात व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई की मांग
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित खैरना बाजार जाम के चौराहे में तब्दील होता जा रहा है। आए दिन सुबह से शाम तक कई बार जाम लगने से हाईवे पर आवाजाही करने वाले पर्यटकों व यात्रियों को तमाम परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। चौराहे पर बेतरतीब ढंग से वाहन पार्क होने से जाम बड़ी समस्या बनती जा रही है।
कैंची क्षेत्र के बाद अब खैरना चौराहा जाम का गढ़ बनता जा रहा है। बाजार क्षेत्र में वाहनों को बेतरतीब ढंग से पार्क किए जाने से जाम एक बड़ी समस्या बनती जा रही है। व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले वाहनों को बेतरतीब ढंग से पार्क कर दे रहे और खामियाजा आवाजाही करने वालों को भुगतना पड़ रहा है। गुरुवार को चौराहे के समीप एक वाहन के हाईवे पर खड़े कर दिए जाने से जाम की स्थिति पैदा हो गई। दोनों ओर छोटे बड़े वाहनों की कतार लगने से बाजार में पैदल आवाजाही करने वाले राहगीर भी परेशान रहे। आए दिन जाम की स्थिति से गांवों से खरीददारी को बाजार पहुंचने वाले ग्रामीण व स्कूलों को आवाजाही करने वाले स्कूली बच्चे भी परेशान हो जा रहे हैं। चौराहे के समीप ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी को जाने का रास्ता भी है ऐसे में जाम की स्थिति होने पर कई बार मरीजों को अस्पताल ले जाने वाले वाहन भी जाम में फंस जा रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों व विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने चौराहे के आसपास बेतरतीब ढंग से वाहनों को पार्क कर यातायात व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई पर जोर दिया है।