🔳 गंगोरी क्षेत्र में कलमठ पर अतिक्रमण से हरकत में प्रशासन
🔳 कलमठ पाटने से भविष्य में बड़ी आपदा का अंदेशा
🔳 महत्वपूर्ण हाईवे के अस्तित्व पर भी मंडरा सकता है खतरा
🔳 कई अन्य स्थानों पर भी कलमठ अतिक्रमण की जद में आ चुके हैं कलमठ
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर बरसाती पानी की निकासी को बने कलमठ अतिक्रमण की जद में हैं बावजूद एनएच विभाग के अफसर कुंभकरणीय नींद में है। अतिक्रमणकारी धड़ल्ले से कलमठो पर अतिक्रमण कर मनमानी पर आमादा हो चुके हैं। अब हाईवे पर गंगोरी क्षेत्र में कलमठ से छेड़छाड़ कर अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आने से भविष्य में कुमाऊं की लाइफ लाइन के नुकसान पहुंचने का अंदेशा बढ़ गया है।
हाईवे पर अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हो चुके हैं। तमाम स्थानों पर धड़ल्ले से अतिक्रमण के बाद अब हाईवे पर बरसाती पानी की निकासी को बने कलमठ अतिक्रमणकारियों के निशाने पर आ चुके हैं। पानी की निकासी को बेहद महत्वपूर्ण कलमठो के अतिक्रमण की जद में आने से भविष्य में हाईवे के अस्तित्व पर संकट बढ़ने का अंदेशा बढ़ गया है। ताज़ा मामला गंगोरी क्षेत्र से सामने आया है जहां बरसाती पानी की निकासी को वर्षों पूर्व बनाए गए कलमठ को पाटने का कार्य धड़ल्ले से जारी है। पूर्व में बने कलमठ को बेहद छोटा कर दिए जाने से भविष्य में आसपास के मकानों के साथ ही महत्वपूर्ण हाईवे को भी नुकसान होने की संभावना बढ़ गई है। खुलेआम कलमठ के अतिक्रमण की जद में आने के बावजूद एनएच विभाग के अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं हालांकि श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। मौके पर पहुंचे राजस्व निरीक्षक नरेश असवाल व राजस्व उपनिरीक्षक रुपा भारती ने स्थलीय निरीक्षण कर काम रोकने के निर्देश दिए हैं। खुलेआम हो रहे अतिक्रमण से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। राजस्व निरीक्षक नरेश असवाल के अनुसार गंगोरी क्षेत्र में कलमठ को बेहद छोटा कर दिया गया है जिससे भविष्य में हाईवे के साथ ही आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंच सकता है। बताया की फिलहाल काम रुकवा दिया गया है। अभिलेखों से मिलान किया जाएगा। यदि अतिक्रमण पाया जाएगा तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।