◾ बंद कलमठ व नालियों से लोगों को करना पड़ा परेशानी का सामना
◾ कई दुकानों व घरों में घुसा बारिश का पानी, सामान हुआ खराब
◾ विभागीय कार्यप्रणाली से स्थानीय लोगों में रोष
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
लगातार हुई बारिश गरमपानी – खैरना क्षेत्र के लोगों के लिए आफत बनकर बरसी। बाजार क्षेत्र में कलमठ व बरसाती नाली के बंद होने से जगह-जगह जलभराव की स्थिति रही। कई व्यापारियों की दुकानों व घरों में तक बारिश का पानी घुस गया। लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एनएच प्रशासन की कार्यप्रणाली पर व्यापारियों ने गहरी नाराजगी जताई। आरोप लगाया कि कई बार कहने के बावजूद कलमठ व बरसाती नालियां नहीं खोली गई जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ा है।
गुरुवार सुबह से ही बारिश से जहां एक ओर कोसी व शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ गया वहीं अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर जगह-जगह जलभराव हुआ। गरमपानी – खैरना बाजार क्षेत्र में बंद पड़े कलमठ व बरसाती नाली की सफाई ना होने से बाजार क्षेत्र में जगह-जगह पानी भरा रहा। बरसाती पानी ने लोगों की दुकानों व घरों को भी रुख किया जिससे व्यापारियों का की दुकान का सामान भी खराब हुआ है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बरसात से पूर्व कई बार बंद कलमठ व नालियों की सफाई की मांग उठाई गई पर एनएच विभाग अनदेखी पर आमादा रहा और अब बारिश में विभागीय लापरवाही का खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। व्यापारी नेता वीरेंद्र सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, महेंद्र सिंह बिष्ट, गजेंद्र नेगी, राकेश जलाल, फिरोज अहमद, दीपक सिंह बिष्ट आदि ने गहरी नाराजगी जताई। रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे समेत कई ग्रामीण सड़कों पर भी जलभराव से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
