◾ ग्रामीणों की शिकायत पर अवर अभियंता ने उठाया कदम
◾ निर्माणाधीन रातीघाट – बुधलाकोट मोटर मार्ग का मामला
◾ अधिशासी अभियंता बोले – दोबारा किया जाएगा निरीक्षण
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
रातीघाट – बुधलाकोट मोटर मार्ग में किए जा रहे निर्माण कार्यों में अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। कार्यदाई संस्था पीएमजीएसवाई के अवर अभियंता आदिल अंसारी ने गुणवत्ताविहीन 15 से ज्यादा पैराफिटो को तोड़ने के निर्देश दिए हैं। अधिशासी अभियंता मनोज गुप्ता ने भी जल्द निरीक्षण का दावा किया है।
ग्रामीण सड़कें बजट ठिकाने लगाने का जरिया बन चुकी है। बेतालघाट ब्लॉक की तमाम ग्रामीण सड़के भारी भरकम बजट खर्च होने के बावजूद बदहाली का दंश झेल रही है अब निर्माणाधीन सड़कों पर भी मुनाफे के फेर में जनहित से खिलवाड़ किया जाने लगा है। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाले रातीघाट – बुधलाकोट मोटर का कार्य करोड़ों रुपये की लागत से गतिमान है। बुधलाकोट क्षेत्र में सुरक्षित यातायात को बनाए जा रहे पैराफिट में गुणवत्ताविहीन कार्यों का खुलासा हुआ है। ग्रामीणों की मांग पर पीएमजीएसवाई के अवर अभियंता आदिल अंसारी ने निरीक्षण किया तो 15 से ज्यादा पैराफिटो में गुणवत्ता का अभाव मिला। अवर अभियंता आदिल अंसारी के अनुसार पैराफिटो में मिट्टी की मात्रा पाई गई। गुणवत्ताविहीन पैराफिटो को तोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। ठेकेदार को दोबारा गुणवत्तायुक्त पैराफिट निर्माण को कहा गया है। संबंधित विभाग के अधिशासी अभियंता मनोज गुप्ता ने भी जल्द निरीक्षण का दावा किया है।
