🔳 कैंची में मल्टीस्टोरी पार्किंग व अन्य कार्यों का किया निरीक्षण
🔳 विभागीय अधिकारियों से लिया निर्माण संबंधी फिडबैक
🔳 पार्किंग के प्रवेश व निकास द्वार को चौड़ा कर आवाजाही सुगम करने के निर्देश
🔳 तय समय पर गुणवत्तायुक्त कार्य करने पर दिया जोर
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर सुप्रसिद्ध कैंची धाम में मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत संचालित सौंदर्यीकरण व विकास कार्यों का पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों व कार्यदाई संस्था के कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिए। पर्यटन सचिव ने निर्माणाधीन मल्टीस्टोरी पार्किंग के प्रवेश व निकासी द्वार को चौड़ा करने को कहा साथ ही तय समय सीमा पर कार्य पूरा करने को निर्देशित किया।
शुक्रवार को पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने लोनिवि के अधिकारियों के साथ कैंची क्षेत्र में करोड़ों रुपये के बजट से निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया। पर्यटन सचिव ने पहले मंदिर के मुख्य गेट के समीप बनाए जा रहे ध्यान केंद्र व पाथवे निर्माण का निरीक्षण किया। विभागीय अधिकारियों से कई अहम बिंदुओं पर फिडबैक ले निर्देशित किया। पर्यटन सचिव ने मल्टीस्टोरी पार्किंग का जायजा ले कार्यदाई संस्था के कर्मचारियों को महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए। लोनिवि के अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना से पार्किंग के प्रवेश व निकासी द्वार को चौड़ा करवाने को कहा ताकि श्रद्धालुओं व पर्यटकों की आवाजाही सुगम हो सके। आसपास खाली स्थानों को उपयुक्त इस्तेमाल के निर्देश दिए। तय समय पर कार्य को पूरा करने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को भी कहा। विभागीय अधिकारियों ने पर्यटन सचिव को निर्माण कार्यों से संबंधित कई जानकारियां दी। बाद में पर्यटन सचिव ने कैंची धाम आश्रम पहुंचकर मत्था टेका। मंदिर प्रबंधन सदस्यों से भी अहम बिंदुओं पर चर्चा की। मंदिर प्रबंधन सदस्यों से भी आश्रम परिसर के आसपास मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत किए जा रहे सौन्दर्यीकरण व विकास कार्यों पर फिडबैक लिया।
