= 12 किमी दूर से वाहनों में पानी ढोना बना मजबूरी
= कोसी नदी पर बनी पंपिंग योजना से नहीं हो पा रही आपूर्ति
= आपदा के बाद से ही पेयजल व्यवस्था पटरी से उतरी
(((टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट (सुयालबाडी़) में पानी की बूंद बूंद को हाहाकार मचा हुआ है। कोसी नदी पर बनी पंपिंग योजना की मोटर खराब होने से आपूर्ति ठप हो चुकी है।मजबूरी में विद्यालय प्रबंधन को करीब 12 किमी दूर से वाहनों के जरिए पानी मंगाना पड़ रहा है। तब जाकर बमुश्किल विद्यालय में अध्ययनरत 550 से ज्यादा नौनिहालो तथा सौ से ज्यादा कर्मचारियों को पानी उपलब्ध हो रहा है। जल संस्थान के सहायक अभियंता ने दावा किया है की जल्द ही मोटर दुरुस्त कर पेयजल आपूर्ति सुचारू की जाएगी।
क्षेत्र के सबसे बड़े आवासीय विद्यालय में पेयजल संकट सिर चढ़कर बोल रहा है। जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट (सुयालबाड़ी) में आपदा के बाद से ही पेयजल संकट जारी है। संबंधित विभाग ने बमुश्किल अस्थाई रूप से विद्यालय में पेयजल व्यवस्था सुचारु की पर समुचित पानी उपलब्ध ना होने से विद्यार्थियों, गुरुजनों तथा कार्यालय स्टाफ को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कोसी नदी विद्यालय के लिए बनी पंपिंग योजना भी जवाब दे चुकी है। मोटर फूंकने से पंपिंग पेयजल योजना से भी पानी उपलब्ध नहीं हो रहा। ऐसे में अब विद्यालय प्रबंधन विद्यालय से करीब 12 किमी दूर चमडिया स्थित प्राकृतिक जलस्रोत से वाहनों में टैंको के माध्यम से पानी भरकर विद्यालय तक पहुंचा रहा है तब जाकर बमुश्किल विद्यालय में पानी उपलब्ध हो रहा है। जल संस्थान ने भी टैंकर के माध्यम से आपूर्ति सुचारू की है समुचित पानी न मिलने से विद्यालय में रहने वाले विद्यार्थी व गुरुजन परेशान हो चुके हैं। तत्काल व्यवस्था में सुधार किए जाने की मांग की है। इधर जल संस्थान के सहायक अभियंता मुकेश कुमार के अनुसार टैंकरों से आपूर्ति की जा रही है जल्द ही मोटर दुरुस्त कर पंपिंग योजना भी शुरू की जाएगी।
