◾मिनी स्टेडियम बेतालघाट में हुए विभिन्न कार्यक्रम
◾पांच गर्भवती महिलाओं की हुई गोदभराई, तीन नौनिहालो का हुआ अन्नप्राशन
◾मोटे अनाज व सब्जियों में मौजूद पोषक तत्वों की दी गई जानकारी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
ब्लॉक मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में बाल विकास विभाग के तत्वाधान में पोषण माह मनाया गया। लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी दे लाभ उठाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के दौरान पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई व तीन नौनिहालों का अन्नप्राशन किया गया।
गुरुवार को मिनी स्टेडियम में पोषण माह कार्यक्रम का शुभारंभ एबीडीओ विनोद कुमार व सीडीपीओ अनीता सक्सेना ने संयुक्त रुप से मां सरस्वती के चित्र के समीप दीप प्रज्वलित कर किया। बाल विकास परियोजना अधिकारी अनीता सक्सेना ने पोषण अभियान के विषय पर विस्तार से जानकारी साझा की। बाल विकास विभाग से संचालित योजनाओं की जानकारी दे लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई व तीन नौनिहालों का अन्नप्राशन भी किया गया। तेरह कुपोषित नौनिहालों के स्वजनों को पोषण किट तथा दस बालिकाओं को पोषण एवं स्वच्छता किट बांटे गए। स्वस्थ्य बालक बालिका प्रतिस्पर्धा के तहत नौ बच्चों को पुरस्कृत किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विशेष शिविर लगाकर महिलाओं व किशोरियों की एनीमिया जांच की। आयरन की गोलियां वितरित की गई।आभा आइडी कार्ड भी बनाए गए। सब्जियों व मोटे अनाज की प्रदर्शनी लगा पोषक तत्वों की जानकारी दी गई। गीत व नुक्कड़ नाटक के जरिए भी अहम जानकारियां दी गई। सुपरवाइजर बीना रावत ने प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के बारे में बताया। इस दौरान चंपा नेगी,भगवती बिष्ट, हंसी देवी, प्रेमा जोशी, मंजू बिष्ट, गीता मेहरा, माया गोस्वामी आदि मौजूद रहे।




