◾न्याय पंचायत स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाया दमखम
◾जीआइसी खैरना में हुआ प्रतियोगिताओं का रंगारंग आगाज
◾ विजेताओं को प्रमाण पत्र व मेडल से किया गया सम्मानित
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में नौनिहालों ने खूब दमखम दिखाया। विभिन्न आयु वर्ग में हुई प्रतियोगिताओं में जीत का परचम फहराने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। दो सौ मीटर दौड़ उच्च प्राथमिक वर्ग में धारी खैरनी विद्यालय की रिंकी पहले पायदान पर रही।
बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज खैरना में न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाचार्य मोहन चंद्र बजाज, संकुल प्रभारी धर्मेंद्र पाल, बीडीसी तुलसी देवी, ग्राम प्रधान प्रेम नाथ गोस्वामी ने संयुक्त रुप से मां सरस्वती के चित्र के समीप दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने प्रतिभागियों से खेल मैदान पर खेल भावना का प्रदर्शन कर बेहतर प्रदर्शन का आह्वान किया। सौ मीटर दौड़ बालक वर्ग में राजकीय प्राथमिक विद्यालय के गोलू पहले, दरमाडी़ के तनुज दूसरे तथा खैरना के आकाश तीसरे पायदान पर रहे। दो सौ मीटर में लोहाली के पवन विजेता बने जबकि लोहाली के ही करन दूसरे तथा आयुष्मान कॉन्वेंट विद्यालय के भावेश तीसरे स्थान पर रहे। दो सौ मीटर दौड़ उच्च प्राथमिक वर्ग में धारी खैरनी विद्यालय की रिंकी, मझेडा़ की दीप्ति तथा आयुष्मान कान्वेंट विद्यालय की कल्पना विजेता बनी। विजेताओं को प्रमाण पत्र व मेडल से सम्मानित किया गया। नौनिहालों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी। संचालन सतीश नैनवाल तथा विनोद कुमार वर्मा ने संयुक्त रुप से किया। इस दौरान गिरीश चंद्र, मीनू साह, कमला नेगी, मीना बिष्ट, रचना बिष्ट, शालिनी अग्रवाल, महेंद्र सिंह हाल्सी, हेमा तिवाड़ी,चंपा गोस्वामी आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!