🔳 रातीघाट – बेतालघाट मोटर मार्ग पर आवाजाही हुई खतरनाक
🔳 हरोली गांव के समीप सड़क के बीचोंबीच गड्ढे ने बढ़ाई चिंता
🔳 दुर्घटना के खतरे के साथ ही सड़क के अस्तित्व पर भी मंडराया संकट
🔳 क्षेत्रवासियों ने खतरा टालने की उठाई पुरजोर मांग
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट समेत तमाम गांवों को जोड़ने वाले रातीघाट बेतालघाट मोटर मार्ग पर हरोली गांव के समीप सड़क के बीचोंबीच गड्ढे से दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ गया है। आवाजाही खतरनाक होने के बावजूद लोक निर्माण विभाग के सुध न लिए जाने से क्षेत्रवासियों ने गहरी नाराजगी जताई है। आरोप लगाया है कि खतरा टालने के बजाय सड़क पर पत्थर रख खतरा बढ़ा दिया गया है।
महत्वपूर्ण रातीघाट बेतालघाट मोटर मार्ग की अनदेखी का खामियाजा आवाजाही करने वाले यात्रियों व वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है। हरोली गांव के मोटर मार्ग के बीचोंबीच गड्डा होने से जहां दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है वहीं मोटर मार्ग के अस्तित्व पर भी संकट बढ़ गया है। रात को खतरा दोगुना बढ़ जा रहा है। ऐसे में गांवों के लोग व वाहन चालक भी परेशान हैं। पूर्व ग्राम प्रधान पुष्कर सिंह के अनुसार लोनिवि के अधिकारियों की अनदेखी से कभी भी बड़ी घटना सामने आ सकती है पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। खतरा टालने के बजाय सड़क पर पत्थर रख खतरा बढ़ाए जाने का आरोप लगाया है। कहा कि समय रहते यदि सड़क के बीचोंबीच हो चुके गड्डे का उपचार नहीं किया गया तो भविष्य में मोटर मार्ग को भी खतरा पैदा हो सकता है। मोटर मार्ग पर आवाजाही करने वाले वाहन चालक अनिल सिंह नेगी, लाभाशु सिंह, मनोज कुमार, राजेंद्र सिंह, दयाल सिंह आदि ने जल्द खतरा टालने को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है।
