🔳 तीस से अधिक परिवारों को पेयजल उपलब्ध कराने को बनाया रोस्टर
🔳 बेतालघाट के देवी टाॅप व काशीपोखरा गांव के ग्रामीणों को मिलेगी राहत
🔳 लंबे समय से पेयजल संकट की समस्या से परेशान थे कई परिवार
🔳 प्रत्येक परिवार को मिलेगा दो घंटे से अधिक समय तक पेयजल
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के सूदूर काशीपोखरा व देवी टाॅप के तीस से अधिक परिवारों के लिए नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान पूजा देवी ने निर्णायक फैसला लेकर पंद्रह वर्ष से भी अधिक समय से चली आ रही पेयजल संकट की समस्या का समाधान कर दिया है। ग्राम प्रधान ने पंचायत की बैठक बुलाकर प्रत्येक परिवार को पानी मुहैया कराने को बकायदा रोस्टर तैयार किया है। सर्वसम्मति से तय किया गया की नियम का उल्लघंन करने पर प्रशासन के माध्यम से कार्रवाई भी की जाएगी।
बेतालघाट ब्लॉक के ग्राम पंचायत थुआ ब्लॉक स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में हुई बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। ग्राम पंचायत की पेयजल योजना से गांवों के परिवारों को समुचित पेयजल उपलब्ध न होने पर ग्राम प्रधान पूजा देवी ने अहम फैसला ले बारी बारी से सभी परिवारों को दो दो घंटे पेयजल उपलब्ध कराने को रोस्टर तैयार किया। तय रोस्टर के अनुसार कोशीपोखरा व देवी टाॅप में निवास करने वाले तीस से अधिक परिवारों को बारी बारी से पानी उपलब्ध कराने की समय सीमा तैयार की गई। ग्राम प्रधान ने कहा कि दो दो घंटे प्रत्येक परिवार को पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। वर्तमान में रोजगार के लिए गांव से बाहर रहने वालें परिवारों के भविष्य में गांव लौटने व गांव में ही निवास करने पर उनको भी रोस्टर के हिसाब से ही पानी उपलब्ध कराया जाएगा। पंद्रह वर्ष से समुचित पेयजल उपलब्ध न होने से परेशान ग्रामीणों ने समस्या का समाधान किए जाने पर ग्राम प्रधान का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने प्रधान के फैसले को जनहित में लिया गया निर्णय करार दिया। इस दौरान ललित प्रसाद, मोहित कुमार, पंकज कुमार, शुभम, देवेश कुमार, श्याम लाल, डूंगर लाल, दया सागर, हरीश कुमार, पवन कुमार, तारा देवी, विमला देवी समेत तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।