◾ पेयजल आपूर्ति सुचारु न किए जाने से क्षेत्रवासियों का चढ़ा पारा
◾ टैंकर से पानी वितरित कर की जा रही इतिश्री
◾ विभागीय अधिकारियों पर लगाया क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप
◾ जल संस्थान के सहायक अभियंता ने किया जल्द आपूर्ति सुचारु करने का दावा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित खैरना क्षेत्र में तीन सप्ताह से भी अधिक समय से पेयजल आपूर्ति ठप है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। पेयजल आपूर्ति सुचारू न किए जाने पर अब क्षेत्र के बाशिंदों का पारा चढ़ने लगा है। आरोप लगाया है की महज टैंकर से पानी बांट इतिश्री कर दी जा रही है। अस्पताल, स्कूल, पुलिस चौकी तथा बाजार क्षेत्र में पानी की किल्लत से लोग परेशान हैं। जल संस्थान के सहायक अभियंता ने जल्द आपूर्ति सुचारू किए जाने का दावा किया है।
खैरना क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति ठप पड़े होने से क्षेत्रवासियों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोग पानी के लिए शिप्रा व कोसी नदी को रुख करने को मजबूर हो चुके हैं। शिक्षण संस्थान के साथ ही अस्पताल व पुलिस चौकी में भी पानी का संकट बना हुआ है। जल संस्थान टैंकर के जरिए पानी वितरित कर रहा है पर वह भी नाकाफी साबित हो रहा है। क्षेत्र के लोगों ने जल संस्थान पर लापरवाही का आरोप लगाया है। कहा की लंबा समय बीतने के बावजूद पेयजल आपूर्ति दुरुस्त न कर पाना विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली को दर्शा रहा है। अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। व्यापारी नेता वीरेंद्र सिंह बिष्ट, गोविंद नेगी, महेंद्र सिंह बिष्ट, संजय सिंह बिष्ट, विक्रम सिंह बिष्ट, पंकज नेगी, हरीश सिंह, गजेंद्र नेगी, गोधन सिंह आदि ने जल्द क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति सुचारू किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो जल संस्थान के कार्यालय में ही धरना शुरु कर दिया जाएगा। जल संस्थान के सहायक अभियंता दलिप सिंह बिष्ट के अनुसार योजना की मरम्मत का कार्य गतिमान है जल्द आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।
