🔳 धनियाकोट में वित्तीय अनियमताओं से टूटी शिक्षा विभाग की नींद
🔳 मुख्य शिक्षा अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारियों को जारी किए निर्देश
🔳 पीएम श्री धनियाकोट के प्रकरण को माना गंभीर
🔳 उपशिक्षा अधिकारी को तत्काल रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश
🔳 वित्तीय अनियमताओं पर विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने भी जताया रोष
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज धनियाकोट में वित्तीय अनियमताओं के मामले में शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। मामले को गंभीर मान उप-शिक्षा अधिकारी बेतालघाट को तत्काल जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद जयसवाल ने जनपद के सभी बाइस पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रत्येक पंद्रह दिन में निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश खंड शिक्षा अधिकारियों को जारी कर दिए हैं। धनियाकोट पीएम श्री में अनियमितताओं के मामले से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
बेतालघाट ब्लॉक के धनियाकोट गांव में स्थित पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में सरकार से मिले भारी भरकम बजट की बाजीगरी ने शिक्षा विभाग के अफसरों की नींद उड़ा दी है। तीखी नजर समाचार पोर्टल में प्रमुखता से प्रकाशित हुए समाचार से विभागीय अधिकारी हरकत में आ गए हैं। विद्यालय के बच्चों के लिए बनाई जाने वाली खीर में 91 किलो चीनी की खपत, नौनिहालों के लिए बनाए जाने वाले आईकार्ड के न मिलने, दस हजार रुपये का जैविक गड्ढा, पच्चीस हजार रुपये की हरी घास के बिल लगे होने के बावजूद धरातल पर कुछ भी दिखाई नहीं देने तथा बीते वर्ष विद्यालय के एक कमरे में आगजनी की घटना में नष्ट सामग्री की जगह नई सामग्री की खरीद का बिल उपलब्ध होने पर आज तक अधिकांश सामग्री के विद्यालय में न पहुंचने से तमाम गंभीर सवाल खड़े होने तथा मामले के तूल पकड़ने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। मामले की जांच में जुटी उप-शिक्षा अधिकारी राशी बुधलाकोटी को मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद जयसवाल ने तत्काल रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने मामले को गंभीर श्रेणी का माना है। साथ ही ऐसी अनियमितताओं से बचने को अब जनपद के सभी ब्लॉकों में स्थित बाइस पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेजों की निगरानी भी बड़ा दी है। लगातार मॉनिटरिंग को प्रत्येक पंद्रह दिन में खंड शिक्षा अधिकारियों को पीएम श्री राजकीय इंटर कालेजों का निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है ताकी किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने पर समय रहते शिंकजा कसा जा सके।
सरकार को चपत लगाने को फर्जी ढंग से बिल तैयार
पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज धनियाकोट में सरकारी बजट में हुई अनियमितता ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को सवालों के घेरे में ला दिया है। सरकार से मिले बजट से कई कार्यों के धरातल पर न होने के बावजूद बिल तैयार कर दिए जाने से बड़े पैमाने पर हुई सांठगांठ का भी अंदेशा है। विद्यालय में शिक्षक अभिभावक संघ व विद्यालय प्रबंधन समिति गठित होने के बाद भी बगैर कार्यों के बिल तैयार होने से पीटीए व एसएमसी भी सवालों के घेरे में है वहीं मामले से साबित हो रहा है की सरकार को चपत लगाने में फर्जी ढंग से बिल तैयार करने वालों के भी हौसले बुलंद हैं।
विभिन्न संगठनों ने जताई नाराजगी
पीएम श्री विद्यालय में वित्तीय अनियमताओं पर विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने गहरी नाराजगी जताई है। शिक्षक अभिभावक संघ के पूर्व अध्यक्ष कृपाल सिंह मेहरा ने मामले की कड़े शब्दों में निंदा की है। आरोप लगाया की विद्यालयी विकास को मिलने वाले बजट को ठिकाने लगाया जा रहा है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठा कार्रवाई पर जोर दिया है। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति से जुड़े पदाधिकारियों ने भी मामले में कार्रवाई की मांग उठाई है।
